- Hindi News
- मार्च तक खंडवा को मिल सकती है 4 जी ब्राडबैंड सुविधा
मार्च तक खंडवा को मिल सकती है 4 जी ब्राडबैंड सुविधा
भास्कर संवाददाता - खंडवा
शहर में इंटरनेट उपभोक्ताओं को मार्च तक 4 जी ब्राडबैंड की सुविधा मिल सकती है। इसके लिए रिलायंस जीओ कंपनी ने निगम से पांच स्थान पर ग्राउंड बेस्ड मास्ट लगाए जाने की अनुमति मांगी है। शहर के बेगम पार्क, सूरजकुंड क्षेत्र, रामेश्वर वार्ड, इंदौर रोड पर संतोषी माता वार्ड और महेश नगर में ग्राउंड बेस्ड मास्ट कंपनी द्वारा लगाया जाना प्रस्तावित है। मास्ट पर संबंधित स्थान पर प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर ऊर्जा और बैटरी से इंतजाम करना और सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना प्रस्तावित हैं। कैमरों को पुलिस विभाग के सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही निगम को कंपनी द्वारा 2 एमबीपीएस की कनेक्टिविटी भी दिया जाना प्रस्तावित है। निगम द्वारा कंपनी को अनुमति दिए जाने के बाद मास्ट और अन्य व्यवस्थाएं फरवरी अंत तक पूरी हो सकती है। देश के चार महानगरों के साथ ही सभी जिला मुख्यालय पर रिलायंस द्वारा मार्च में 4 जी की लांचिंग किया जाना प्रस्तावित है।
4 जी से यह फायदा
4 जी सेवा शुरू होने से शहर के लोगों को इंटरनेट की बेहतर स्पीड मिलेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक 100 एमबी का डॉटा 3 जी से दो मिनट में डाउनलोड होता है, जो 4 जी सेवा से 20 सेकंड में डाउनलोड हो जाएगा। शहर में अभी 2 जी और 3 जी सेवाएं मिल रही है।
जानें क्या हैं ग्राउंड बेस्ड मास्ट
ग्राउंड बेस्ड मास्ट डेढ़ मीटर व्यास और 20 मीटर ऊंचा खंभा होगा। इसे शहर के पांच स्थानों पर लगाया जाएगा। मास्ट के ऊपरी हिस्से में प्रकाश व्यवस्था के लिए ट्यूब लाइट्स होंगी, जो सौर ऊर्जा से चलेगी। मास्ट पर कैमरा भी लगेगा, जो क्षेत्र की गतिविधियों को कवरेज रहेगा। 4 जी सेवाएं देने की शर्तों में यह शामिल होने से सौर ऊर्जा यंत्र और कैमरें कंपनी द्वारा लगाए जा रहे हैं।
शहर के बेगम पार्क, सूरजकुंड, रामेश्वर वार्ड, संतोषी माता वार्ड और महेश नगर में सौर ऊर्जा से जलेंगे मास्ट
तैयारी शुरू
रिलायंस जीओ कंपनी शहर में पांच स्थान पर ग्राउंड बेस्ड मास्ट लगाने के बाद शुरू करेगी सेवाएं