अफसर के सूने घर से २ लाख रुपए की चोरी
भास्कर संवाददाता - सनावद
सनावद से 27 किमी दूर कानापुर में पंचायत समन्वय अधिकारी के सूने मकान से मंगलवार-बुधवार की रात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश यहां से नकद सहित आभूषण ले उड़े। बदमाशों ने दरवाजे पर लगे ताले को पेंचकस से तोड़ा और घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने यहां से घर में रखी दो अलग-अलग अलमारियों के नकुंचे चटकाए और उनमें रखे 95 हजार रुपए नकदी सहित आभूषण ले गए। पुलिस ने बताया भारतसिंह बब्बनसिंह दसौंधी का पैतृक मकान कानापुर में है। श्री दसौंधी कसरावद जनपद पंचायत में समन्वय अधिकारी के पद पर पदस्थ है और फिलहाल मंडलेश्वर में उनका निवास है। श्री दसौंधी के मकान में उनका छोटा भाई कमल रहता है जो पेशे से किसान है। कमल घटना वाले दिन मंगलवार को अपनी बहन के यहां ऊन गया था। घर पर ताला लगा हुआ था। बुधवार सुबह गांव के लोगों ने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही चोरियां, गिरफ्त से दूर है बदमाश
क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है। लेकिन अभी तक इनका कुछ सुराग नहीं मिला है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बेडिय़ा के समीप डुडगांव के मंदिर से बदमाश लाखों का माल ले गए थे। इसी तरह धरगांव के मंदिर से भी बदमाश ताला तोड़कर आभूषण ले उड़े थे।
मंदिर ट्रस्ट से उधार ली थी रकम
श्री दसौंधी ने बताया 26 जनवरी को वह कानापुर अपने घर आए थे। उन्होंने 25 हजार रुपए की रकम मंदिर ट्रस्ट से उधार ली थी। वह मंदिर ट्रस्ट से मिले पैसे और खुद की नकदी सहित कुल 95 हजार रुपए अलमारी में रखकर अगले दिन 27 जनवरी को अपनी ड्यूटी पे चले गए थे। बेडिय़ा चौकी के एसआई जितेंद्रसिंह बघेल ने बताया बदमाश यहां से 95 हजार नकदी सहित सोने के बाजूबंद, सोने के दो कंगन, सोने का मंगलसूत्र, कान की झुमकी, कान के झोले, सोने की अंगूठी, दो जोड़ चांदी की पायल ले गए हंै। कुल 2 लाख पांच हजार की चोरी हुई है। आगे की कार्रवाई में श्री बघेल ने बताया संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी।
खेत में पड़ी देखी फोटो तो पता चला चोरी हुई है
बदमाश एक अलमारी को उठाकर खेत में ले गए थे। उसमें से नकदी रकम निकालकर अलमारी को सामान सहित खेत में छोड़कर भाग गए। सुबह ग्रामीण जब खेत में पहुंचे तो श्री दसौंधी का फोटो उन्हें दिखाई दिया। ग्रामीणों ने खोजबीन की तो खेत के बीच में अलमारी पड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना श्री दसौंधी को दी। सूचना मिलते ही श्री दसौंधी और उनका छोटा भाई कमल भी कानापुर पहुंचा।
घर से 200 मीटर दूर अलमारी को उठाकर ले गए और तोड़ा
पुलिस ने बताया बदमाशों ने घर की तलाशी के बाद घर में रखी दो अलमारियों से नकदी और आभूषण चुराए हैं। इतना ही नहीं बदमाश एक अलमारी को घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गए और वहां ले जाकर उसे तोड़ा। अलमारी में पंचायत संबंधित दस्तावेज भी रखे हुए थे। बदमाश अलमारी में रखे 95 हजार नकदी ले गए। साथ ही पंचायती दस्तावेजों को फाड़ कर फेंक गए।
कसरावद में समन्वय अधिकारी के रूप में पदस्थ अफसर के पैतृक घर में हुई चोरी की वारदात, ताले को पेंचकस से तोड़ा