आंगनवाड़ी में नहीं मिल रहा नाश्ता
भास्कर संवाददाता - मगरखेड़ी
गांव में संचालित की जा रही आंगनवाड़ी क्र. 37 में योजना अनुसार बच्चों को नाश्ता नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने समूहों पर बच्चों की नाश्ते की राशि हड़पने का आरोप लगाया है।
कसरावद तहसील की पर्यवेक्षण केंद्र निमरानी के तहत संचालित केंद्र क्र 37 आंगनवाड़ी में कुल 40 बच्चों की संख्या दर्ज है। शासन की योजना अनुसार आंगनवाड़ी सुबह 8 बजे से 1 बजे लगने तथा 10 बजे नाश्ता एवं 12 बजे भोजन देने का प्रावधान है। इसके बावजूद स्वसहायता समूह नाश्ता उपलब्ध न करवाते हुए सीधे भोजन ही दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सेवंती राठौड़ से चर्चा की गई तो उसने बताया बच्चों को नाश्ता नहीं दिया जाता सीधे 12 बजे खाना मिलता है। सरस्वती स्वसहायता समूह द्वारा समस्त स्कूलों एवं आंगनवाडिय़ों का भोजन तैयार किया जाता है। भोजन के नाम पर सिर्फ रोटी व दाल दी जा रही है। बच्चों को चावल तथा सब्जी नहीं दी जाती। समूह अध्यक्ष नन्नू नायक ने कहा हम नाश्ता नहीं देते। पंचायत सचिव रविंद्र सोनी ने कहा सभी स्कूलों में जाकर चेक भी किया गया। आंगनवाडिय़ों को नहीं देखा। यदि नाश्ता नहीं दिया जा रहा है तो संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर साधना नायक ने कहा मैंने पंद्रह दिन पहले ही चार्ज लिया है। आंगनवाडिय़ों में जाकर स्वयं देखूंगी।