- Hindi News
- भारत में हर साल साइबर क्राइम से पांच हजार करोड़ का नुकसान
भारत में हर साल साइबर क्राइम से पांच हजार करोड़ का नुकसान
ञ्च पीआरटीएस में स्कूली विद्यार्थियों को दिए गए साइबर क्राइम प्रशिक्षण में आईजी ने दी जानकारी
भास्कर संवाददाता - इंदौर
पिछले कुछ सालों में साइबर क्राइम में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। एक सर्वे के मुताबिक दुनिया में हर सेकंड 14 लोग, रोज 10 लाख लोग और हर साल 43 करोड़ लोग साइबर क्राइम का शिकार हो रहे हैं। विश्व में इससे होने वाले नुकसान का आंकड़ा करीब 20 लाख करोड़ का है। अकेले भारत में हर साल साइबर क्राइम से पांच हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है।
यह बात पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल ((पीआरटीएस)) के डायरेक्टर व आईजी वरुण कपूर ने कही। वे बुधवार को पीआरटीएस में स्कूली बच्चों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे ‘संदेश’ अभियान के तहत सत्य सांई विद्या विहार स्कूल के बच्चों को जानकारी दे रहे थे। कार्यक्रम में स्कूल के 130 छात्र-छात्राएं व फेकल्टी मेंबर उपस्थित थे। प्रथम सत्र में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली के संबंध में समझाया गया। साथ ही कानून, अपराध एवं उनका अनुसंधान, न्यायालयीन कार्यवाही, अपराधियों को दंड दिया जाना आदि की जानकारी दी गई। संज्ञेय और असंज्ञेय व जमानती और गैरजमानती अपराध और सायबर अपराध क्या है, इन अपराधों से कैसे बचा जाए इसकी भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कभी भी ड्रग्स का सेवन नहीं करने की भी समझाईश दी गई। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में उप पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षण सुदीप गोयनका ने पासवर्ड बनाने व उसको सुरक्षित रखने, सायबर बुलिंग-स्टॉकिंग एवं आई.टी.एक्ट, आदि के बारे में जानकारी दी। आईजी कपूर ने स्कूल की सर्वश्रेष्ठ दो जिज्ञासु छात्राओं राधिका खंडेलवाल एवं हिमाली भंडारी को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गये।