- Hindi News
- मोदी के बारे में कोर्ट के फैसले पर सवाल न उठाए
मोदी के बारे में कोर्ट के फैसले पर सवाल न उठाए
एजेंसी - नई दिल्ली
यूपीए के अहम सहयोगी दल एनसीपी ((नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी)) ने नरेंद्र मोदी का बचाव किया है। पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा है कि मोदी के बारे में न्यायिक फैसलों को स्वीकार किया जाना चाहिए। उन पर और सवाल नहीं उठने चाहिए।
केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा, ‘किसी भी मसले पर इंसाफ के लिए न्यायिक व्यवस्था ही आखिरी रास्ता है। इससे किसी भी विवाद पर विराम लग जाता है। अगर किसी न्यायिक व्यवस्था ने कोई फैसला दिया है तो हमें उसका सम्मान करना चाहिए। उस पर आगे सवाल नहीं उठाने चाहिए।’ पटेल से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मोदी के पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछा गया था। राहुल ने पिछले दिनों एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि 2002 में गुजरात में गोधराकांड के बाद हुए दंगे मोदी की सरकार ने भड़काए थे।पटेल ने कहा, ‘इंटरव्यू में कोई भी अपनी बात रख सकता है। लेकिन राजनीति न सिर्फ नेताओं बल्कि आम जनता की धारणा पर भी चलती है। तथ्य यही है कि अगर कोई न्यायिक व्यवस्था किसी विवाद पर विराम लगा दे तो हमें भी उस विवाद को खत्म कर देना चाहिए।’