- Hindi News
- नेपा मिल कर्मचारी संघ के चुनाव 9 फरवरी को
नेपा मिल कर्मचारी संघ के चुनाव 9 फरवरी को
भास्कर संवाददाता - नेपानगर
नेपा मिल कर्मचारी संघ के चुनाव 9 फरवरी को होंगे। इसको लेकर बुधवार को यूनियन भवन परिसर में नामांकन फार्म जमा किए गए। चुनाव अधिकारी लक्ष्मीनारायण पाठक ने बताया सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चली प्रक्रिया में कुल 42 फार्म प्राप्त हुए हैं। इनकी जांच कर अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। श्री पाठक ने बताया संघ में अध्यक्ष, कार्यकारिणी अध्यक्ष, प्रधान सचिव, सचिव, उप सचिव और सहसचिव पद के लिए प्रत्याशी मैदान में होंगे। इसमें नेपा लिमिटेड के 851 कर्मचारी मतदान करेंगे।
बुधवार को नामांकन फार्म जमा किए गए। 30 जनवरी को इनकी जांच कर सूची तैयार की जाएगी। इस दौरान अयोग्य आवेदनों को निरस्त किया जाएगा। शेष आवेदनों पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई होगी। 31 जनवरी को अंतिम सुनवाई कर इनका निराकरण किया जाएगा। लगाई गई आपत्ति सही पाई जाने पर संबंधित आवेदन निरस्त किया जाएगा। श्री पाठक ने बताया सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 1 फरवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक नामांकन फार्म वापस लिए जाएगे। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
श्री पाठक ने बताया 1 से 7 फरवरी तक चुनावी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके बाद 9 फरवरी को मतदान होगा। उन्होंने बताया चुनाव को लेकर संघ द्वारा सभी आवश्यक निर्णय लिए जा चुके हैं। चुनावी प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता से कराई जाएगी।
7 फरवरी तक होगा चुनावी प्रचार-प्रसार
इस तरह रहेगी चुनावी प्रक्रिया
यूनियन भवन परिसर में किए नामांकन जमा, 851 कर्मचारी करेंगे मतदान