- Hindi News
- जब से आए हंै आबकारी उपनिरीक्षक तब से गलियों में बिक रही है शराब
जब से आए हंै आबकारी उपनिरीक्षक तब से गलियों में बिक रही है शराब
भास्कर संवाददाता - सनावद
अवैध शराब बिक्री को लेकर गुरुवार को नगरवासियों ने तहसीलदार सत्येंद्र बैरवा को ज्ञापन सौंपा है। रहवासियों ने आबकारी उपनिरीक्षक नानूराम अलावा पर आरोप लगाए हैं नानूराम अलावा यहां तीन वर्षों से पदस्थ हंै। तब से गली-मोहल्लों में शराब की बिक्री होने लगी है। अवैध शराब बिक्री को लेकर पारिवारिक विवाद भी बढ़े हैं।
ज्ञापन सौंपने आए सतीष इंगले, नीलेश वर्मा, श्रवण शर्मा, दिलीपसिंह पंवार, धर्मेंद्र वर्मा, लल्ला पंवार, नानकराम मोरे ने बताया शहर में करीब 50 स्थानों पर अवैध शराब बिक रही है लेकिन आबकारी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। रहवासियों ने तहसीलदार श्री बैरवा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इस दिशा में ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा यदि अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगी और नानूराम अलावा को हटाया नहीं गया तो क्षेत्रवासी धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, श्री अलावा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा विभाग ने समय पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर प्रकरण बनाए हैं।
कलेक्टर व जिला आबकारी को देंगे सूचना - तहसीलदार श्री बैरवा ने कहा रहवासियों ने अवैध शराब बिक्री और उप निरीक्षक की निष्क्रियता को लेकर ज्ञापन सौंपा है। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. नवनीत मोहन कोठारी और जिला आबकारी अधिकारी को सूचित किया जाएगा।
तहसीलदार सत्येंद्र बैरवा को ज्ञापन सौंपते नगरवासी।