सरपंच-सचिव नहीं आए ग्रामसभा का बहिष्कार
भास्कर संवाददाता - सिंगोट
ग्राम पंचायत मोरदड़ के गांव लछोरा खुर्द में मंगलवार को ग्रामसभा आयोजित की गई। सरपंच-सचिव की जगह ग्रामसभा लेने आए उपसरपंच तथा सहायक सचिव को देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सभा का बहिष्कार कर दिया। गांव के गणेश पटेल ने बताया चार साल से ग्रामसभाओं में कई प्रस्ताव लिए गए लेकिन एक पर भी अमल नहीं किया गया। नियमानुसार सरपंच रमेश तथा सचिव प्रकाश सेन को आना था, लेकिन उपसरपंच भीमसिंग मौर्य और सहायक सचिव वीरेंद्र को भेज दिया गया। उपसरपंच पंचायत के कार्यों में मनमानी करता है। उससे सरपंच भी डरता है। लखनलाल पटेल ने बताया वर्तमान पंचायत ने अपने कार्यकाल में गांव में एक भी विकास कार्य नहीं कराया। उपसरपंच ने पशुपालन के लिए आए टीनशेड भी उन लोगों को दिला दिए जिनके पास पशु नहीं हैं। गणेश पटेल, लखनलाल पटेल, भोलाराम पटेल, रोहिदास पटेल, नारायण, गोपाल, गजेंद्र सैनी आदि ने बताया शुक्रवार को कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ से उपसरपंच की शिकायत की जाएगी।