- Hindi News
- कर्मचारियों को बताए तनाव दूरकर दवा मुक्त रहने के गुर
कर्मचारियों को बताए तनाव दूरकर दवा मुक्त रहने के गुर
भास्कर संवाददाता - खंडवा
तनाव कोई बीमारी नहीं है लेकिन यह कई बीमारियों का कारण है। इससे बचने वाले लोग लंबा जीवन जी सकते हैं। दवाइयों के उपयोग से साइड इफेक्ट होता है और लोग बीमारियों से घिर जाते हैं। समय से पहले मृत्यु हो जाती है। गुरुवार दोपहर निगम सभागृह में यह बात नेशनल एजुकेशन नागपुर के डॉक्टर बादल ने कही। उन्होंने दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक निगमकर्मियों को तनाव मुक्त रहने के गुरु सिखाए। इसके साथ ही दवा मुक्त जीवन जीने के नुस्खे और तरीके भी बताए। उन्होंने कहा लोग इस पर अमल करें तो 100 साल तक की आयु पा सकते हैं। कार्यशाला में करीब 80 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
निगम सभागृह में आयोजित कार्यशाला में डॉक्टर का परामर्श सुनते अधिकारी व कर्मचारी।
यह भी बताए नुस्खे
- गले में किसी तरह की समस्या होने पर एक चम्मच शहद में अदरक का रस मिलाकर पीने से समस्या खत्म हो जाती है। 5 एमएल अदरक के रस को एक गिलास पानी में मिलाकर पीने से माह में एक से दो किलो वजन कम हो जाता है।
- लहसुन एंटी कैंसर का काम करता है। इससे कोलेस्ट्रोल नार्मल होता है। इसे कच्चा नहीं खाएं। एक कली के दो हिस्से कर उसे भून लें और टेबलेट की तरह लें।
- कड़ी पत्ता खाने से शरीर में कैल्शियम की मात्रा बढ़ती है।
- अर्जुन की छाल का पावडर डायबिटीज कंट्रोल करता है।
- डायबिटीज से ग्रसित लोग जामुन, करेला, भिंडी और नीम के बीज सहित तेजपत्ता और पीपल की छाल समान मात्रा में लेकर उसका पावडर बनाकर उपयोग करें राहत मिलेगी।
ऐसे दूर करें तनाव
कार्यशाला में डॉक्टर बादल ने कहा जो चीज हमारे इच्छा के विपरीत होती है वही तनाव है। इसमें सिर में दर्द, गुस्सा और नकारात्मक सोच उभरती है। इस पर नियंत्रण के लिए मसाज थैरेपी का प्रयोग करें। सिर में 10 मिनट हल्के हाथों से नारियल तेल से मालिश करें। दूसरी पद्धति वाटर ड्रिप है। इसके लिए किसी बोतल में छेद कर उसे दो फीट पर लटका दें। उससे गिरने वाली बूंद माथे पर जहां बिंदी लगाते हैं, वहां 10-15 मिनट तक टपकने दें। सिर पर पानी की बूंद लगने से पूरा ध्यान उसमें लग जाएगा और टेंशन खत्म। म्युजिक थैरेपी के अनुसार पसंदीदा गाने बार-बार सुनें। इसी प्रकार अपनी पसंदीदा एक्टीविटी करें। एक जैसी खुशबू का इस्तेमाल करने से भी तनाव दूर होता है। ताली बजाने पर एक्युप्रेशर पाइंट कवर कर हार्ट अटैक से बच सकते हैं। हंसने और रोने से भी ब्लड प्रेशर सामान्य रहता है।
नेशनल एजुकेशन के डॉ. बादल ने निगम सभागृह में कर्मचारियों को दिए रोग मुक्त जीवन के टिप्स, निरोगी काया रखने के बताए घरेलू नुस्खे