- Hindi News
- दहेज के लिए मारपीट करने के आरोप में पति समेत 4 पर केस
दहेज के लिए मारपीट करने के आरोप में पति समेत 4 पर केस
भास्कर न्यूज - अमृतसर
थाना ए डिवीजन पुलिस ने शरीफपुरा बाजार निवासी मनदीप कौर की शिकायत पर फ्रेंड्स कालोनी निवासी उसके पति बिक्रम सिंह, ससुर गुरचरण सिंह, सास सुरिंदर कौर और ननद मनिंदर कौर के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी शादी 16 जनवरी 2011 को हुई थी। उसके ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे अकसर पीटते थे और घर से बाहर निकाल दिया।
मकान पर कब्जा किया : थाना रामबाग की पुलिस ने न्यू कांगड़ा कॉलोनी निवासी सतिंदरजीत कौर की शिकायत पर उसकी सास प्रकाश कौर, जेठानी मीनाक्षी और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक 21 जनवरी को सुबह 8 बजे वह अपने बच्चों को स्कूल में छोड़ कर वापस लौटी तो देखा कि आरोपियों ने घर का ताला तोड़ कर कब्जा किया हुआ है। जब उसने गेट खोलने को कहा तो उसकी पिटाई करके जान से मारने की धमकी दी गई।
पिस्टल सहित पकड़ा: पुलिस चौकी तारांवाला पुल ने वर्तमान में फतेह सिंह कालोनी दाना मंडी निवासी रवि कुमार को इटली निर्मित पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 200 ग्राम टौक्सिक पाउडर सहित काबू किया है। आरोपी के कब्जे से बाइक भी बरामद कर केस दर्ज किया गया है।
विधवा बन ली मुआवजा राशि: थाना डी डिवीजन पुलिस ने गेट खजाना निवासी राजकुमार की शिकायत पर विशाल कुमार और संतोष कुमारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक संतोष कुमारी ने खुद को मृतक मनोहर लाल की विधवा बता सरकार से आश्रितों को मिलने वाली राशि ली, जिसके लिए उसने जाली पहचान पत्र और बेटे विशाल को तरस के आधार पर भर्ती करवाने के लिए जाली स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट भी दिया।
पति पर दहेज प्रताडऩा का केस: थाना कैंट की पुलिस ने कंवलजीत कौर निवासी गुमटाला की शिकायत पर उसके पति संदीप सिंह के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी उसे कम दहेज लाने के ताने देता था और मारपीट करता था।