पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इंडो पाक ट्रेड के लिए आईसीपी का होगा 200 एकड़ में विस्तार

इंडो-पाक ट्रेड के लिए आईसीपी का होगा 200 एकड़ में विस्तार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला प्रशासन ने 300 एकड़ जमीन की डिटेल लैंड पोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया को भेजी
शिवराज द्रुपद - अमृतसर
अटारी बार्डर पर भारत-पाकिस्तान के बीच कारोबार करने के लिए स्थापित की गई इंटीग्रेटेड चैक पोस्ट ((आईसीपी)) का फिर से विस्तार होगा। इसके तहत पाकिस्तान को जाने वाले रेल ट्रैक को भी इसके भीतर शामिल कर लिया जाएगा। कारोबार को और बढ़ाने तथा सुरक्षा के मद्देनजर यह विस्तार किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने प्रस्तावित जमीन की डिटेल लैंड पोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया को भेज दी है।
यह है प्रपोजल
अभी आईसीपी से ट्रक तथा रेल मार्ग से ट्रेन के जरिए दोनों मुल्कों का कारोबार होता है। अलग-अलग होने के कारण जहां समुचित संसाधनों की कमी आ रही है वहीं सुरक्षा कारणों से भी उम्मीद के मुताबिक काम नहीं हो पाता। इसी के तहत लैंड पोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया ने दोनों पोर्टों को एक में विलय करने की योजना बनाई है। योजना के मुताबिक आईसीपी-रेल ट्रैक के बीच तथा ट्रैक के दूसरी तरफ से 200 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की जानी है। इसके बाद जो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा उसके मुताबिक पाकिस्तान से आने वाली ट्रेन को पूरी तरह से स्कैन होने और माल को लोड-अनलोड की व्यवस्था इसमें शामिल होगी।
दोनों पोर्टों की स्थिति
2012 में 122 एकड़ जमीन पर तैयार आईसीपी से फिलहाल अभी कारोबार जारी है, मगर स्कैनर न लगने के कारण दिक्कत आती है। बताया जा रहा है कि इस विस्तार के बाद फुल बॉडी स्कैनर भी लगाया जाएगा। इसी तरह से अटारी रेलवे स्टेशन के जरिए समझौता एक्सप्रेस का आना-जाना और मालगाडिय़ों से ट्रेड होता है। यहां भी स्कैनर न होने के कारण सुरक्षा में अक्सर चूक होती रहती है।
डिटेल भेज दी है: डीसी
वहीं, इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर रवि भगत ने बताया कि लैंड पोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया का यह प्रपोजल अभी शुरुआती दौर में है। जिला प्रशासन ने इसके लिए अथॉरिटी को 300 एकड़ जमीन की डिटेल भेज दी है।




व्यापार में बेहतरी आएगी

॥ रेल और सड़क मार्ग से होने वाला कारोबार जब एक छत के नीचे आ जाएगा तो दोनों मुल्कों के कारोबार में बेहतरी आएगी। इससे कारोबारियों का खौफ भी खत्म होगा।

-सुभाष गोयल, ट्रेडर

कई देश हमसे जुड़ेंगे

॥ अंतरराष्ट्रीय ट्रेड बढ़ेगा और दोनों मुल्कों के अलावा करीब आधा दर्जन दूसरे देश हमसे जुड़ेंगे। इस पहल से जहां कारोबार बढ़ेगा वहीं देश की सुरक्षा भी यकीनी बनेगी।

-बलबीर बजाज, ट्रेडर

विश्व पर हुकूमत करेंगे

॥ अगर यह प्रोजेक्ट अमल में आ जाता है तो एक बार फिर हम अंतरराष्ट्रीय मार्केट में छा जाएंगे। इसके बाद यह पोर्ट देश ही नहीं दुनिया की ऐसी पोर्ट होगी जिसके दम पर हम विश्व पर हुकूमत करेंगे।

-गुरदीप सिंह बेदी, ट्रेडर

कारोबारी सुरक्षित होंगे

॥आईसीपी से कारोबार तो हो रहा है मगर इंफ्रास्ट्रक्चर न होने के कारण ट्रेन का कारोबार प्रभावित होता है। आईसीपी और ट्रेन के ट्रेड को एक साथ जोडऩे से कारोबार में इजाफा होगा और कारोबारी भी सुरक्षित होंगे।

- अनिल मेहरा, प्रधान,फेडरेशन ऑफ द करियाना एंड ड्राइफ्रूट कामर्शियल एसो.

पाकिस्तान को जाने वाला रेलवे ट्रैक भी इसके भीतर होगा शामिल