- Hindi News
- कांग्रेस नेता भूपेश ने पाक नेताओं संग मिल ड्रग्स मामले पर चिंता जताई
कांग्रेस नेता भूपेश ने पाक नेताओं संग मिल ड्रग्स मामले पर चिंता जताई
भास्कर न्यूज - अमृतसर
कांग्रेस नेता भूपेश रसीन ने पाकिस्तान दौरे के दौरान विभिन्न नेताओं से मिलकर सीमा पार से हो रही नशे की तस्करी पर चिंता व्यक्त की। लाहौर दौरे से वापस लौटे रसीन ने बताया कि उन्होंने पाकिस्तान के रेल मंत्री ख्वाजा साद रफीक, स्पीकर सरदार अयाज सादिक, मेंबर आफ नेशनल असेंबली परवेज मलिक, चौधरी नदीम अब्बास रबैरा और लाहौर चेंबर आफ कामर्स एवं इंडस्ट्री के अध्यक्ष सोहेल लशारी से मुलाकात की। उनके मुताबिक उन्होंने पंजाब में सीमा पार से हो रही ड्रग्स स्मगलिंग के बारे में संबंधित नेताओं को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश को इस गंभीर मुद्दे पर विचार करके ड्रग्स तस्करी पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठाते हुए भारत का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों में सद्भाव की भावना बढ़ेगी और यह कदम दोनों मुल्कों के बीच अमन और शांति की राह में एक बड़ा मील पत्थर साबित होगा। रसीन ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध भी मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने बारे अपील की।