- Hindi News
- दमदमी टकसाल ने तख्त श्री पटना साहिब मामले में एसजीपीसी को घेरा
दमदमी टकसाल ने तख्त श्री पटना साहिब मामले में एसजीपीसी को घेरा
शिवराज द्रुपद - अमृतसर
तख्त श्री पटना साहिब विवाद को लेकर दमदमी टकसाल ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की जांच टीम की कार्रवाई पर सवाल खड़ा कर दिया है। टकसाल का कहना है कि यह टीम पटना गई तो थी मामले की जांच करने के लिए मगर सुलह-सफाई करके लौट आई।
ये था मामला : सात जनवरी को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के मौके पर पटना साहिब में आयोजित धार्मिक समारोह के दौरान जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह और प्रबंधकीय कमेटी के बीच तकरार हुई थी। इसे पंथक मर्यादा का उल्लंघन करार देते हुए पूरी कौम ने इस घटना की निंदा की थी। लोगों की भावनाओं के मद्देनजर मामले की जांच के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पांच मेंबरी कमेटी भेजी थी। इसी तरह से दमदमी टकसाल ने भी अपनी जांच कमेटी भेजी थी। इसके बाद अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी गुरबचन सिंह ने स्पष्ट किया था कि इस मामले पर एसजीपीसी की जांच कमेटी की रिपोर्ट
मान्य होगी।
मर्यादा का उल्लंघन : दमदमी टकसाल के मुखी बाबा हरनाम सिंह धुम्मा ने एसजीपीसी की जांच कमेटी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि यह टीम अकाल तख्त साहिब के दिशा-निर्देश पर जांच करने गई थी और उसका फर्ज था कि वह रिपोर्ट लाकर जत्थेदार को सौंपती, मगर टीम ने जाकर वहां सुलह-सफाई करवाई। इसे मर्यादा का उल्लंघन करार देते हुए उन्होंने कहा कि इसे एसजीपीसी और जत्थेदार गंभीरता से लें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टीम ने अपनी रिपोर्ट जत्थेदार को
सौंप दी है।
धुम्मा ने कहा : हकीकत जानने गई थी टीम न कि समझौता करवाने