- Hindi News
- जोशी की अड़ी के कारण धरने को मजबूर हुए अकाली : संधू
जोशी की अड़ी के कारण धरने को मजबूर हुए अकाली : संधू
भास्कर न्यूज - अमृतसर
शिरोमणि अकाली दल ने हर बार गठबंधन निभाया है, लेकिन निकाय मंत्री अनिल जोशी गठबंधन धर्म का उल्लंघन कर रहे हैं। जब 34 पार्षदों ने डेढ़ माह पहले निगम के 2 भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निगम कमिश्नर को पत्र सौंपा था और कार्रवाई न होने के कारण वह शिकायत लेकर जोशी के कैंप आफिस में पहुंचे थे। कई दिन बीत जाने के बावजूद जोशी ने अकाली पार्षदों को पूछने की जहमत तक नहीं उठाई कि आखिर उनकी नाराजगी का क्या कारण है। इसीलिए बात इतनी बढ़ गई और शिअद पार्षदों को निगम में धरने पर बैठना पड़ा। भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करने की बजाय उन्हें सम्मानित किए जाने की बात की जा रही है। वहीं जोशी ने कहा कि दबाव में आकर कोई काम नहीं करेंगे।
इतना ही नहीं जोशी ने नार्थ विधानसभा क्षेत्र में आने वाली राम नगर की पंचायत की 10 लाख रुपए की ग्रांट मात्र इसलिए रोके रखी, क्योंकि यहां से सरपंच कमल बंगाली शिअद से संबंधित हैं।
यह पैसा इलाके में सीवरेज व्यवस्था को ठीक करने के लिए खर्च किया जाना था। इसके लिए उन्होंने डीसी रवि भगत से भी संपर्क किया था। बाद में जोशी ने कमल बंगाली को बुलाकर कहा कि तुम्हें ग्रांट इस शर्त पर मिलेगी कि समारोह में कोई अकाली नेता मौजूद न हो। अब आप ही बताएं गठबंधन धर्म का उल्लंघन कौन कर रहा है।
दबाव में कोई गलत काम नहीं करूंगा, राम नगर में खुद शुरू करवाए थे 10 लाख के काम : जोशी
जोशी का कहना है कि उन्होंने अपने कैंप आफिस पहुंचे सभी अकाली पार्षदों को चाय पिलाई। वह भ्रष्ट अधिकारी चंचल सिंह के तबादले की मांग लेकर उनके पास आए थे, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था। यहां से जाने के बाद ही अकाली पार्षदों ने एक सोची समझी स्कीम के तहत निगम के दो अधिकारियों ((डा. योगेश और विशाल वधावन)) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वह बता दें कि किसी दबाव में नहीं झुकेंगे। रही बात राम नगर की ग्रांट रोकने की तो संधू को शायद पता नहीं कि वह खुद 10 लाख रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन करके आए हैं।
सुनवाई न होने से नाराज थे पार्षद, अकाली पार्षद की ग्रांट रोक गठबंधन धर्म का उल्लंघन कर रहे हैं मंत्री