पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पटना साहिब कमेटी के साथ समझौता मानने को तैयार नहीं ज्ञानी इकबाल सिंह

पटना साहिब कमेटी के साथ समझौता मानने को तैयार नहीं ज्ञानी इकबाल सिंह

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - अमृतसर
सात जनवरी को पटना साहिब में हुए विवाद पर जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह ने उसे मर्यादा के खिलाफ करार देते हुए समझौते को मानने से फिर इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक ज्ञानी प्रताप सिंह की सदस्यता रद्द नहीं होती वह कोई समझौता नहीं मानेंगे। उपरोक्त समारोह में इकबाल सिंह तथा प्रबंधकीय कमेटी के बीच झड़प हुई जिससे मामला सुर्खियों में आया। इस पर अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी गुरबचन सिंह के दिशानिर्देश पर एसजीपीसी ने मामले की जांच के लिए पांच मेंबरी कमेटी गठित करके भेजी थी। कमेटी ने वहां जाकर जांच की और दोनों पक्षों में सुलह-सफाई करवा दी थी। मगर ज्ञानी इकबाल सिंह ने फिर अपनी पीड़ा का इजहार करते हुए कहा कि उस घटना से संगत तथा सेवादार सभी दुखी हैं। उनका कहना है कि तख्त श्री के संविधान में जत्थेदार का पद सर्वोपरि होता है मगर यहां तो उसकी गरिमा को समझा ही नहीं जाता। ज्ञानी इकबाल सिंह ने भास्कर से बातचीत में कहा कि पंज प्यारों की अनुमति लिए बिना तख्त श्री कमेटी की तरफ से ज्ञानी प्रताप सिंह को मुख्य ग्रंथी बना दिया गया। कमेटी जब तक उनकी सदस्यता रद्द नहीं करती तब तक कोई समझौता संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कमेटी के नामजद पदाधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।




३१ जनवरी को होगी बैठक

पटना साहिब तख्त कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस जीत ने बताया कि अकाल तख्त साहिब अमृतसर में पटना साहिब प्रकरण को लेकर सिंह साहिबान की बैठक 31 जनवरी को होगी।