- Hindi News
- गैस न मिली तो गोदाम को आग लगाने चली थी महिला, लोगों ने पकड़ लिया
गैस न मिली तो गोदाम को आग लगाने चली थी महिला, लोगों ने पकड़ लिया
युवकों से गोदाम में करवाई तोडफ़ोड़, पुलिस ने महिला समेत तीन को किया गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - अमृतसर
खंडवाला शेर शाह सूरी रोड स्थित जगदेव गैस गोदाम में शुक्रवार को सुबह गैस न मिलने से गुस्साई गुरु अर्जुन देव नगर की एक महिला ने युवकों को उकसा कर गोदाम में तोडफ़ोड़ करवा दी। एजेंसी मैनेजर नवनीत सिंह, कर्मचारी अर्शदीप सिंह और तेजिंदर सिंह ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी। काफी देर बाद पहुंचे थाना छेहर्टा प्रभारी हरीश बहल ने दोनों युवकों और महिला को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोदाम में काम करने वाले कर्मचारी संदीप सिंह, कुशल कुमार अमित कुमार और नरेश कुमार ने बताया कि धुंध के कारण शुक्रवार को सुबह सिलेंडरों का ट्रक लेट हो गया और गैस लेने आए सभी उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। उसी समय महिला मधू ने लोगों को उकसाते हुए कहा कि गोदाम में गैस नहीं तो आग लगा दो इसे। इतना सुनकर दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए गोदाम की खिड़की के शीशे तोडऩे शुरू कर दिए। उसके बाद महिला खुद माचिस जलाकर सिलेंडरों वाले गोदाम के पास पहुंच गई। लोगों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने महिला और युवकों को काबू करके पुलिस के हवाले
कर दिया। मधू ने कहा कि वह गुरदासपुर में एएसआई तैनात हैं और लोगों के हक के लिए लड़ रही हैं, जो गल्त नहीं। वहीं, उपभोक्ता चंद्र किशोर ने कहा कि माना कि एजेंसी मे गैस नहीं आ रही, लेकिन गोदाम में आग लगाना सरासर गलत है।
आज ट्रक लेट हो गया, इसमें हमारी क्या गलती
॥हमारे पास करीब 40 हजार गैस कनेक्शन हैं। जैसे ही गैस आती है, उपभोक्ताओं को बांट दी जाती है। आज धुंध के कारण ट्रक थोड़ा लेट हो गया है इसमें हमारी कोई गलती नहीं है।
-बलविंदर सिंह, गैस एजेंसी मालिक
तोडफ़ोड़ करने को उकसाने वाली महिला को पुलिस पकड़ कर छेहर्टा थाने ले गई।