- Hindi News
- जेल में बंद हेरोइन तस्कर डैनी की शिकायत पर कार्रवाई
जेल में बंद हेरोइन तस्कर डैनी की शिकायत पर कार्रवाई
भास्कर न्यूज - अमृतसर
फर्जी दस्तावेज बनाकर हेरोइन तस्कर राजेश कुमार डैनी का हथियार अपने नाम पर करवाने के आरोप में थाना सिविल लाइन पुलिस ने एडवोकेट विनीत महाजन के खिलाफ केस दर्ज किया है। केस डैनी की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जो हेरोइन तस्करी के दोष में गुरदासपुर जेल में सजा काट रहा है। महाजन के अलावा डैनी की पत्नी सुषमा को भी नामजद किया गया है, उस पर आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज बनवाने में महाजन का साथ दिया। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। रानी का बाग के रहने वाले डैनी को डीआरआई ने 5 अगस्त 2006 में 11 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा था। विनीत उसके केस की पैरवी कर रहे थे, लेकिन अदालत में आरोप साबित होने पर डैनी को सजा हो गई। डैनी की 315 बोर की रायफल को दिसंबर 2007 में महाजन ने अपने पास रख लिया और डैनी की पत्नी से मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रायफल अपने नाम पर करवा ली। इसके बारे में पता चलने पर डैनी ने जेल से पुलिस कमिश्नर के नाम शिकायत भेजी थी, जिस पर जांच के दौरान केस दर्ज किया गया। थाना सिविल लाइन के प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ उन्हें 4 जनवरी को शिकायत मिली थी। इस दौरान जांच शुरू की गई और डीसी आफिस से रायफल संबंधी दिया गया हल्फिया बयान निकलवा कर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों के पकड़ कर पूछा जाएगा कि किसी तस्कर के साथ उनके संबंध तो नहीं।
आखिर 6 साल बाद क्यों की शिकायत
डैनी की शिकायत है कि 2007 में उसकी राइफल महाजन ने अपने कब्जे में की है। इस बात को 6 साल से अधिक का समय बीत चुका है और यहां सवाल यह पैदा होता है कि आखिर डैनी ने इतने समय बाद शिकायत क्यों की।