- Hindi News
- 34 अकाली पार्षदों के खिलाफ 22 भाजपा पार्षदों का जवाबी हमला
34 अकाली पार्षदों के खिलाफ 22 भाजपा पार्षदों का जवाबी हमला
दीपक भंडारी - अमृतसर
पुलिस सहित सभी दूसरे विभागों को शिरोमणि अकाली दल ने अपने कब्जे में कर रखा है, केवल नगर निगम ही था, जहां पर इनका जोर नहीं चलता था। इसी से हताश शिअद पार्षदों ने भ्रष्ट अधिकारी चंचल सिंह के तबादले को आधार बना कर सेहत अधिकारी डॉ. योगेश अरोड़ा और विशाल वधावन जैसे ईमानदार अधिकारियों के तबादले को मुद्दा बनाकर निकाय मंत्री अनिल जोशी को परेशान करना शुरू कर दिया है। सभी जानते हैं कि जोशी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसी के तहत भ्रष्ट अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि शिअद ने जोशी के खिलाफ चलाए इस ड्रामे को बंद न किया तो वह सड़कों पर उतर आएंगे, धरने देंगे और अकालियों के काले कारनामों के चिट्ठे खोलने शुरू कर देंगे। यह आरोप भाजपा के पार्षदों ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रैस कांफ्रेंस के दौरान लगाए हैं। पार्षदों ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहें तो प्रदेश के सभी मंत्रियों ((अकाली भाजपा)) की सीबीआई जांच करवा लें, उन्हें पता चल जाएगा कि कौन कितना भ्रष्ट है।
अमन ऐरी ने कहा कि निगम के पेट्रोल पंप से अकाली पार्षदों की गाडिय़ों में तेल डाला जाता था। चंचल सिंह इनसे मिला हुआ था। उसके तबादले के बाद इनका हलवा मांडा बंद हो गया है। इसीलिए अकाली पार्षद शोर मचा रहे हैं। उनके पंप से निगम को सस्ता तेल दिया जा रहा है। जिससे निगम को हर माह 6 लाख रुपए की बचत हो रही है। तो इससे शिअद क्यों परेशान है। बलदेव राज बग्गा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल प्रदेश के सभी मंत्रियों और पार्षदों की सीबीआई जांच करवा लें, उन्हें सारी सच्चाई का पता चल जाएगा कि कौन ईमानदार है और कौन बेईमान। प्रभजीत सिंह रटौल ने शिअद के जिला शहरी प्रधान और निगम में अकाली दल के नेता सुरिंदर सिंह सुलतान विंड पर आतंकवादी पृष्ठभूमि होने संबंधी आरोप लगाए। रटौल ने कहा कि यदि 4 दिनों तक शिअद पार्षदों ने अनिल जोशी के खिलाफ चलाए अभियान को बंद नहीं किया तो भाजपा के पार्षद सड़कों पर उतर आएंगे, धरने देंगे और अकालियों के काले चिट्ठे खोलने शुरू कर दिए जाएंगे।
अनुज सिक्का ने कहा कि अकाली तो ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे कि चंचल सिंह को राष्ट्रपति अवार्ड मिला हो। डा. अनूप कुमार ने कहा कि अकालियों ने पुलिस सहित तमाम विभागों पर कब्जा कर रखा है। अब निगम को भी कब्जे में लेना चाह रहे हैं। लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देंगे। इस मौके पर जरनैल सिंह ढोट, राकेश वैध, मीनू सहगल, अनुज सिक्का, अजीत सिंह भाटिया, दमनदीप सिंह, पप्पू महाजन, लविंदर बंटी, अविनाश शैला, सुरेश महाजन, सतपाल धवन, चंदर शेखर, मानव तनेजा, डा. राम चावला, पृतपाल सिंह फौजी, एडवोकेट आरपी मैनी आदि मौजूद थे।
बेनतीजा रही संधू-शर्मा की मुलाकात
भाजपा पार्षदों द्वारा अपनाए गए कड़े रुख से साफ हो गया है कि शिअद के जिला शहरी प्रधान उपकार सिंह संधू और भाजपा के जिला शहरी प्रधान नरेश शर्मा के बीच शुक्रवार की रात को 2 घंटे तक चली वार्ता विफल रही है। भ्रष्टाचार को आधार बनाकर शिअद पार्षदों द्वारा अनिल जोशी के खिलाफ खोले गए मोर्चे को लेकर नरेश शुक्रवार को संधू से मिलने उनके निवास स्थान पर गए थे। बकौल संधू नरेश ने उन्हें विश्वास दिलवाया था कि मामले में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष कमल शर्मा से बात कर इसका कोई हल निकालेंगे। इस संबंध में नरेश शर्मा से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
एकजुटता - भाजपा के पार्षद अमन ऐरी, बलदेव राज बग्गा, अनुज सिक्का, जरनैल सिंह ढोट, प्रभजीत रटौल, मानव तनेजा, पप्पू महाजन, प्रितपाल सिंह, अजीत सिंह भाटिया आदि ने कहा कि सरकार अकाली-भाजपा के सभी मंत्रियों की सीबीआई जांच करवा ले, उसे पता चल जाएगा कि कौन कितना भ्रष्ट है।
अकाली बाज न आए तो सड़कों पर उतरेंगे भाजपा के पार्षद, धरने देकर खोलेंगे काले चिट्ठे