योगेश-वधावन के तबादले का विवाद
अमृतसर - नगर निगम के अफसरों डॉ. योगेश अरोड़ा और विशाल वधावन के तबादले को लेकर अकाली और भाजपा पार्षदों में पैदा हुआ तनातनी का मामला मंगलवार को उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के दरबार में पहुंच जाएगा। 34 अकाली पार्षदों द्वारा दो अधिकारियों के खिलाफ लिखकर उन्हें भ्रष्ट बताने के बावजूद उनका तबादला न होने से अकाली पार्षद अपनी फजीहत महसूस कर रहे हैं। वहीं शनिवार को भाजपा पार्षदों द्वारा अकालियों के खिलाफ गुंडा और आतंकवाद पृष्ठ भूमि से होने की टिप्पणी से भी खासे नाराज हैं। आगे वह क्या करेंगे इसे लेकर इंदरबीर सिंह बुलारिया से बैठकों का दौर जारी था। इस बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर अवतार सिंह ट्रकां वाला सहित सभी 34 अकाली पार्षद मौजूद थे। अवतार सिंह ट्रकांवाला ने कहा कि बिक्रम मजीठिया के माध्यम से मंगलवार को सुखबीर बादल से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे। वहां से जो भी आदेश मिलेंगे उनका पालन होगा।
सुखबीर जो बोलेंगे, हम वहीं करेंगे: ट्रकांवाला