- Hindi News
- डॉ. उप्पल के कुत्तों ने प्रो. भंडारी को किया घायल
डॉ. उप्पल के कुत्तों ने प्रो. भंडारी को किया घायल
भास्कर न्यूज - अमृतसर
मैं रोज की तरह अपने पालतू कुत्ते के साथ सुबह सैर के लिए अपने घर 30-सी रानी का बाग से स्टेट बैंक वाली सड़क पर जा रहा था, जैसे ही मैं डॉ. उप्पल की कोठी के सामने से गुजरा, दो खुंखार कुत्ते मुझ पर और मेरे कुत्ते पर टूट पड़े। मैं उनसे अपने कुत्ते और अपने आपको बचाने के लिए 10 मिनट तक संघर्ष करता रहा। इस दौरान हम दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
रानी का बाग के रहने वाले प्रो. बीएम भंडारी के लिए 26 जनवरी की सुबह आफत भरी रही। भंडारी घटना बयान करते समय काफी सहमे हुए थे। दर्द उनके चेहरे से साफ झलक रहा था। भंडारी ने बताया कि वह काफी देर तक चिल्लाते रहे लेकिन डाक्टर उप्पल के घर के अंदर से कोई नहीं आया। जब मैं डाक्टर साहिब के गेट के अंदर गया तो उनके किसी रिश्तेदार ने बताया कि चौकीदार पेशाब करने गया होगा। उस समय मुझे उनके लॉन में कोई नजर नहीं आया। भंडारी का कहना है कि बड़े लोग आवारा कुत्तों को दोष देते हैं लेकिन वे पालतू कुत्ते उन आवारा कुत्तों से अधिक खतरनाक हैं जिनके मालिकों का रवैया गैर-जिम्मेदाराना होता है। ऐसे लोगों के लिए कुत्ता पालना भले ही स्टेटस सिंबल हो लेकिन मेरा पालतू कुत्ता मेरे बेटे की तरह है। भंडारी ने डाक्टर उप्पल से कहा है कि वह अपने घर के बाहर लगे सीसीटीवी का फुटेज देखें कि किस तरह उनके कुत्ते उन्हें नोचते रहे। उधर, डॉक्टर उप्पल ने कहा कि गलती से दरवाजा खुला रह गया जिस कारण दोनों कुत्ते बाहर निकल गए। डॉ. उप्पल ने कहा कि उन्होंने घटना को लेकर प्रो. बीएम भंडारी से खेद व्यक्त किया है।
रोष - प्रो. भंडारी ने बताया कि वह काफी देर तक चिल्लाते रहे, लेकिन डॉ. उप्पल के घर से कोई बाहर नहीं निकला।