पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दो किलोमीटर पर ही सिटी बस की टंकी हुई खाली, बाल्टी से भरा डीजल

दो किलोमीटर पर ही सिटी बस की टंकी हुई खाली, बाल्टी से भरा डीजल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
> जोशी बोले-यार एह तां पिंड्डा वाली मिनी बस ए, दूसरी विच चलो। बुलारिया बोले- इस विच बैठे तां फोटो वी सही नहीं आउणी।
दीपक भंडारी - अमृतसर
उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को सिटी बस का उद्घाटन कर दिया है। इसके बाद ट्रायल के लिए चली बस माल मंडी से चली और शेरांवाला गेट के बाहर तेल खत्म हो गया। शेरांवाला गेट के पास एक पंप के बाहर ड्राइवर ने बस को रोक दिया। उसने इतना खतरा भी उठाना मुनासिब नहीं समझा कि बस को घुमा कर लाए और पंप से तेल डलवाए। बस का टैंक दूसरी तरफ होने के कारण बाल्टी में डीजल लाया गया और पाइप से इसे बस में डाला। जिस बस को उद्घाटन के लिए सजाया गया था, सुखबीर बादल उसमें चढऩे की बजाय एक तरफ खड़ी अन्य बस नंबर पीबी-02 सीसी-6366 में सवार हो गए। अचानक उन्हें दूसरी गाड़ी में सवार होते देख सुरक्षा कर्मियों के भी हाथ पैर फूल गए, क्योंकि उन्होंने जिस बस को पूरी तरह से खंगाला था और उसकी सुरक्षा में खड़े हुए थे। बादल को दूसरी बस की तरफ जाते देख उधर को भागे। सुखबीर दोपहर 1:10 पर बस की सीट पर बैठे। उनके साथ निकाय मंत्री अनिल जोशी, इंदरबीर सिंह बुलारिया और तरुण चुग को ही अंदर जाने दिया गया। यहां तक कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष केवल कुमार को भी बस में सवार नहीं होने दिया गया। वह सीट पर बैठे, बस को स्टार्ट किया और उतर गए। उनके जाने के बाद जोशी, बुलारिया और चुग फूलों से सजी बस की तरफ बढ़े। रीबन काटा और बस में सवार हो गए। बस में बैठते ही जोशी बोले-‘यार एह तां पिंडा वाली मिनी बस है, दूसरी विच चलो। बुलारिया बोले- ‘इस विच तां फोटो वी सही तरह नई आउणी।’ सभी उतर कर दूसरी बस में चढ़े तो एक अधिकारी बोल पड़ा कि आप इसमें बैठ तो गए हैं, पता नहीं इसमें तेल है भी या नहीं।
बस में अधिक लोगों के चढऩे से गर्मी लगने लगी तो नेता बोले यार एसी तां चला दिओ। किंतु बस नान एसी थी, इसलिए नेताओं को बस की खिड़कियां खोलनी पड़ी। बस माल मंडी से बस स्टैंड, सूरज चंदा सिनेमा से बायं मुड़ कर शेरांवाला गेट पर तेल खत्म हो गया। नेतागण तो यहीं पर उतर गए। निगम के कमिश्नर डीपीएस खरबंदा सहित वही लोग बैठे रहे जिन्हें माल मंडी तक जाना था। बाल्टी में डीजल भरवा कर बस के टैंक में डाला गया, क्योंकि बस में इतना डीजल भी नहीं था कि उसे मोड़ कर पंप की तरफ लाया जा सके। बस भगतां वाला गेट, गेट हकीमां, गेट खजाना, लोहगढ़, हाल गेट, राम बाग, नंदन चौक, बस स्टैंड जीटी रोड से होते हुए माल मंडी में रुकी। बीच बीच में से रोक कर सवारियों को भी बैठाया गया। जोशी ने कहा कि आने वाले समय में बसों की संख्या 100 से अधिक हो जाएगी। मेयर ने दावा किया कि अगले 2 माह में बाकी 72 बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।



इनका भी सरकारी बसों वाला हाल होगा

मैंने सोचा था कि कई वर्षों के बाद आज सिटी बस के दर्शन हो ही जाएंगे। करीब दो घंटे से सड़क पर खड़ा हूं। अभी तक बस नहीं दिखी ।

-सौरव शर्मा, विद्यार्थी

अगर बसें नहीं चलानी थी तो पहले बता दिया होता

मंगलवार को अगर शहर में सिटी बसें नहीं चलानी थी तो शहरवासियों को पहले बताना चाहिए था। निगम की लापरवाही से लोगों का समय खराब तो न होता। -परमजीत सिंह, छेहर्टा



आज बसें नहीं चलेंगी यह तो मुझे पता नहीं

मैंने तो अखबरों में छपी खबर को पढ़कर सोचा कि पहली बार शहर में सिटी बस चल रही है। इसमें सफर करके देखूं, परंतु मुझे क्या पता था कि आज बसें चलेंगे ही नहीं। -डॉ हरीश शर्मा, छेहर्टा चौक



एक महिला खंडवाला पेट्रोल पंप के बाहर खड़ी सिटी बस में चढ़ गई, जिसे बाद में ड्राइवर ने यह कह कर उतारा की बस बुधवार से चलनी है, वह तो सिर्फ यहां डीजल भरवाने आए हैं। 

बहन जी ! अज्ज तां डीजल भरवाण आए हां, बस तां बुधवार तों चल्लू

सिटी बस में सफर करना चाहते थे पर नहीं कर पाए

सिटी बस के इंतजार में काफी देर खड़ा रहा। पहले वह ऑटो में घर को जाता था, मगर पहली बार सिटी बस में सफर करना चाहता था। यह इच्छा पूरी न हो सकी।

-राहुल, सरकारी बहुतकनीकी कालेज



फोटो संजय वालिया

रातोरात बनी सिटी बस के उद्घाटन की प्लेट, सुखबीर बादल के आगमन से पहले लगाई गई

जब कमिश्नर डीपीएस खरबंदा ने कहा-‘कुछ ही देर में उद्घाटन होने वाला है, आप से अभी तक प्लेट नहीं लगी।’

दोपहर १:०० बजे



दोपहर १२:०० बजे



सुबह 1१:३0 बजे



सुबह 10:30 बजे



कोशिश रहेगी कि लोगों को 10 मिनट से ज्यादा इंतजार न करना पड़े : सुनील चतरा

बसों को चलाने वाली कंपनी अनंता पद्मनाभा के डायरेक्टर सुनील चतरा ने बताया कि बुधवार को रूट नंबर वन पर 16 बसों को चलाया जाएगा। पहली बस सुबह 7 बजे से दोबुर्जी से इंडिया गेट तक चलेगी और आखिरी बस इंडिया गेट से दोबुर्जी के लिए 7:50 पर चलेगी। उनकी कोशिश रहेगी कि इस रूट पर जाने वाले लोगों को किसी भी बस के लिए 10 मिनट से अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े। यह बसें दोबुर्जी से बस स्टैंड, हुसैनपुरा चौक, फोर एस चौक, चौक रत्न सिंह, डिस्ट्रिक कोर्ट, सर्किट हाउस, रेलवे स्टेशन, पुतली घर, खालसा कालेज, छेहर्टा से इंडिया गेट तक चलेगी और वापसी भी इसी रूट से होनी है।

रूट नंबर 2 से वीरवार को 12 बसों को दोबुर्जी से मीरां कोट तक चलाया जाना है। इनका समय भी पहले जैसा ही रहेगा। दोबुर्जी से मीरांकोट तक जाने वाली बस सुल्तानविंड से होते हुए धर्म सिंह मार्केट, रेलवे स्टेशन, थाना सदर, स्वरूप रानी सरकारी महिला कालेज, हरतेज नर्सिंग होम से मीरां कोट तक और इसी तरफ से वापसी भी।

रूट नंबर 3 पर 8 बसें चलाई जानी हैं। वेरका से चाटीविंड गेट तक शुक्रवार या शनिवार से बसों को चलाया जाना है। यह बस वेरका से बाबा मुल्ला जी मंदिर, बाईपास वेरका, बिजली घर वेरका, विजय नगर, डेंटल कालेज चौक, बस स्टैंड, राम बाग, दुर्गियाणा तीर्थ, गेट खजाना, चाटीविंड गेट और इसी रूट से वापसी होगी।

30 सीटर ((छोटी)) 4 बसों को चौक फव्वारा के पास सारागढ़ी पार्किंग से वाघा बार्डर तक चलाया जाना है, ताकि पर्यटकों को फायदा मिल सके। यहां से रविवार या सोमवार से दोपहर 2 बजे से वाघा बार्डर तक बस को चलाया जाएगा। दोनों तरफ का किराया 80 रुपए रखा गया है। एक तरफ जाने के लिए 40 रुपए खर्च करने पड़ेंगे।

बुधवार को दुबुर्जी से इंडिया गेट के बीच शुरू होगी सेवा, वीरवार से दुबुर्जी से मीरांकोट का रूट होगा चालू