- Hindi News
- मौसम ने ली करवट, दिन में ही दिखाए रात के नजारे
मौसम ने ली करवट, दिन में ही दिखाए रात के नजारे
अनिल शर्मा - अमृतसर
जनवरी माह के आखिरी दिनों में वीरवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। इसके कारण आज बाद दोपहर धुंध छा गई और रात सा आलम हो गया। इस तब्दीली के कारण कई फ्लाइट्स और रेल गाडिय़ां लेट हुईं। वहीं सुबह अचानक वीरवार सुबह श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट घने कोहरे की चपेट में रहा। दोपहर के समय एक दो घंटे छोड़कर बाद दोपहर फिर वही स्थिति बनी रही। कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी खराब रही लिहाजा सुबह के समय दिल्ली से यहां आने वाली फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से 4 से 5 घंटे देरी से पहुंची, जबकि दोपहर बाद दिल्ली से आई स्पाइस जेट की फ्लाइट को कोहरे के कारण दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। यह फ्लाइट दोपहर 3.45 बजे आती है। इस दौरान 12.30 बजे के बाद कोहरे का प्रकोप कुछ कम हुआ और करीब दो घंटे तक विजिब्लिटी ठीक रही। इस दौरान स्पाइस जेट की सुबह 8.05 बजे आने वाली फ्लाइट 12.45, एयर इंडिया की 9.25 बजे आने वाली फ्लाइट 12.50 और जेट एयरवेज की सुबह 9.50 बजे आने वाली फ्लाइट दोपहर 1.15 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंची। तुर्कमेनिस्तान की ताशकंद से दोपहर 2.25 बजे आई फ्लाइट भी शाम तक नहीं जा सकी , यह फ्लाइट शाम 5 बजे अमृतसर एयरपोर्ट से जाती है। एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट नंबर 112 जो दोपहर दो बजे जाती है खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं भर सकी।