अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड गठित
भास्कर न्यूज - बठिंडा
मुक्तसर में स्वाइन फ्लू का पहला मरीज सामने आया है। स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने के बाद बठिंडा में भी जिला सेहत विभाग ने अलर्ट घोषित कर दिया है। विभाग ने लोगों को स्वाइन फ्लू के बारे में जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत भी की है। स्वाइन फ्लू को लेकर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिला सेहत विभाग के ऑफिसरों की माने तो उन्होंने इससे निपटने के लिए सभी इंतजामों को पूरा कर लिया है।
आइसोलेशन वार्ड बनाया
स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज को लेकर सिविल अस्पताल के एनसीडी ब्लॉक में एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसमें वेंटीलेटर की सुविधा भी रखी गई है। अभी स्वाइन फ्लू की अलग से ओपीडी की व्यवस्था नहीं हो सकी है। विभाग का तर्क है कि अभी तक कोई भी स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मरीज सामने नहीं आया है। रैफरल यूनिट के तौर पर एनसीडी व आदेश मेडिकल कॉलेज को रखा है।
रैपिड रिस्पोंस टीम गठित टेमीफ्लू का स्टॉक पहुंचा
विभाग ने रैपिड रिस्पोंस टीम भी गठित की है। इसका नोडल ऑफिसर डीएचओ को बनाया गया है। सिविल सर्जन दफ्तर में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिला सेहत ऑफिसर डॉ. रंधावा ने बताया कि संदिग्ध मरीजों का सैंपल हासिल करने के लिए किटों का भी प्रबंध किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि विभाग छात्रों को स्वाइन फ्लू की जानकारी देने के लिए स्कूलों में विशेष अभियान शुरू कर रहा है। विभाग लीफलेट भी बांटने जा रहा है।