- Hindi News
- कॉपियों में खामियां, एक माह में गलती सुधारने के आदेश
कॉपियों में खामियां, एक माह में गलती सुधारने के आदेश
भास्कर न्यूज - बठिंडा
जिला परिषद के तहत चल रहे स्कूलों के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए जिला परिषद के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह मलूका ने मुहिम शुरू की है। इसके तहत बुधवार को उनके द्वारा गांव बहमन दीवाना के सरकारी प्राइमरी स्कूल का दौरा किया गया। उन्होंने देखा कि स्कूल के 4 अध्यापक समय पर स्कूल पहुंचे हुए थे, जबकि एक अध्यापक 10 मिनट पहले आकर सफाई के प्रबंधों का जायजा ले रही थी। उनके द्वारा चौथी व पांचवीं कक्षा में पढ़ते बच्चों की कॉपियों को चेक किया गया, जिसमें अन्य स्कूलों के बच्चों की तरह इस स्कूल के बच्चों की कॉपियों में भी गल्तियां पाई गई। इसके अलावा कई कॉपियां पिछले कई दिनों से चेक नहीं की गई थी। इस पर चेयरमैन ने नाराजगी जताते हुए स्टाफ को एक महीने के भीतर अपनी कारगुजारी सुधारने को कहा। इस दौरान पांचवीं कक्षा की खुशप्रीत की परफॉर्मेंस उनको बहुत बढिय़ा लगी।
उन्होंने स्कूल में बच्चों की कम हुई गिनती पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि इस बारे में बीडीपीओ द्वारा गांवों की पंचायतों व स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों की जिम्मेदारी लगाई जाएगी कि वह बच्चों के मां बाप से तालमेल कर स्कूलों में बच्चों को दाखिल करवाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार स्कूलों में हर प्रकार सुविधा देने के लिए वचनबद्ध है, जिसके तहत कई प्रकार के वजीफे, वर्दियां, किताबें, मिड डे मील आदि की योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से वंचित न रह सके।
इन सुविधाओं का लाभ बच्चों को तभी मिल सकता है अगर अध्यापक अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में अभी फर्नीचर, इमारत, साफ पानी आदि की कमी है वह चेकिंग के दौरान नोट कर रहे हैं, जिनको पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के सुनहरी भविष्य के लिए हर प्रकार का अभियान जारी रहेगा। स्कूल मुखी गुरमीत कौर को उन्होंने स्कूल की कमियों को दूर करने के लिए एक महीने बाद फिर से चेकिंग करने के बारे में कहा। इस मौके पर उनके साथ निजी सहायक संदीप जंडवाला व जिला प्रेस सचिव रतन शर्मा भी उपस्थित थे।