- Hindi News
- संत और सत्संग प्रभु प्राप्ति के लिए है सशक्त मार्ग : साध्वी
संत और सत्संग प्रभु प्राप्ति के लिए है सशक्त मार्ग : साध्वी
भास्कर न्यूज - बठिंडा
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा गांव चौका में वीरवार को एक दिवसीय कथा समागम का आयोजन किया गया। साध्वी संदीप भारती ने कहा कि यदि प्रभु कृपा को प्राप्त करना है तो हमें अहंकार व स्वार्थ जैसे अवगुणों पर विजय पाकर सद्गुरु की शरण प्राप्त करनी होगी। आज के युग में मनुष्य जिन वस्तुओं में आनंद की तलाश कर रहा है, वे जड़ है, नश्वर है। उनमें चेतना नहीं है। फिर भी मनुष्य इन्हीं वस्तुओं के फेर में पड़कर अपने जीवन के बहुमूल्य समय को नष्ट कर रहा है। साध्वी ने कहा कि वास्तव में आनंद की प्राप्ति तो प्रभु प्राप्ति में है। जिसे प्राप्त करने के लिए सद्गुरु की कृपा प्राप्ति आवश्यक है क्योंकि वे ही मनुष्य को प्रभु प्राप्ति का मार्ग दिखा सकते है। यदि मनुष्य अपनी आत्मा व उसमें स्थापित परमपिता के अंश में आनंद को तलाशे तो उसे सद्ज्ञान की प्राप्ति हो सकती है। और अपने ही अंदर व्याप्त इस आनंद को खोजने के लिए मनुष्य को संत व सत्संग के सानिध्य में जाना होगा। जो कि मनुष्य का परिचय परमात्मा से करा सकते है। क्योंकि भजन से ही प्रभु की प्राप्ति हो सकती है। जो कि बिना गुरु के संभव नहीं है। आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।