- Hindi News
- दिल्ली से लहरा मोहब्बत तक जल्द दौड़ेगी विद्युत संचालित ट्रेन
दिल्ली से लहरा मोहब्बत तक जल्द दौड़ेगी विद्युत संचालित ट्रेन
भास्कर न्यूज - बठिंडा
दिल्ली से बठिंडा व लहरा मोहब्बत तक के रेलवे ट्रैक पर बिजली से रेल गाडिय़ां व माल गाडिय़ां जल्द ही चलेंगी। मंत्रालय इस परियोजना पर 260 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। यह योजना तीन साल के भीतर पूरी हो जाएगी। उसके बाद इस रेलवे रूट पर डीजल के इंजन की बजाय बिजली का इंजन दौड़ेगा। यह जानकारी वीरवार को रेलवे के कोर ((सेंट्रल ऑर्गनाइजेशन ऑफ रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन)) के जीएम जगदेव कालिया ने दे। वे वीरवार को दिल्ली से बठिंडा रेलवे ट्रैक के निरीक्षण पर आए थे।
उन्होंने कहा कि दिन ब दिन डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। डीजल का इस्तेमाल रेल में खूब होता है। इस लिए रेल ने इलेक्ट्रिफिकेशन प्रोजेक्टर को मंजूरी दे दी है। जीएम ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत नई दिल्ली से बठिंडा रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण किया जाएगा। वे इस रूट की जांच करने के मकसद से बठिंडा पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि विद्युतीकरण का सारा काम रेलवे खुद करता है व इसे मैनेज भी करता है। उन्होंने बताया कि बठिंडा जिले में दो थर्मल प्लांट है वहीं रामा मंडी में रिफाइनरी भी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि बठिंडा दिल्ली रेलवे ट्रैक पर रेलगाडिय़ां व माल गाड़ी का आगमन भी काफी अधिक है। वहीं बठिंडा से लहरा मोहब्बत थर्मल प्लांट का ट्रैक का भी विद्युतीकरण होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट का टेंडर आगामी दो माह के भीतर हो जाने की उम्मीद है व यह प्रोजेक्ट तीन साल के भीतर पूरा हो जाएगा। कालिया ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद इस रेलवे सेक्शन पर 100 करोड़ रुपए बचत होगी जो राशि डीजल पर खर्च होती है। जीएम ने कहा कि तलवंडी साबो को रेलवे ट्रैक से अभी नहीं जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सेक्शन का विद्युतीकरण होने से यात्रा सुगम होगी व समय की भी बचत होगी। जीएम ने बठिंडा रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों के साथ बैठक भी की व उसके बाद तलवंडी साबो चले गए। इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक प्रदीप शर्मा भी मौजूद थे।