कल कदमताल कर संदेश देंगे 8000 वोटर
भास्कर न्यूज - बठिंडा
चुनाव आयोग के निर्देश पर 25 जनवरी को आयोजित राष्ट्रीय वोटर दिवस पर शहर में 8000 मतदाता कदमताल करेंगे। जो मत के अधिकार का संदेश देंगे। इस वोटर रैली को लेकर शहर को चार सेक्टर में बांटा गया है। यहां से अलग-अलग टोलियां निकलेंगी और पूरे शहर का भ्रमण करती हुई खेल स्टेडियम पहुंचेंगी।
जहां सुबह 10 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीसी कमल किशोर यादव वोटरों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का शपथ दिलाएंगे। उक्त जानकारी अतिरिक्ति चुनाव अधिकारी सह एडीसी सोनाली गिरी ने दी। उन्होंने बताया कि इस रैली में शहर के विभिन्न कॉलेजों के 700 छात्र भाग रहे हैं। इसके अलावा सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी इस कार्य में लगाया गया है। साथ ही स्वयंसेवी संस्थाओं की भी भागीदारी होगी। कुल 8000 वोटरों को इस
रैली में भाग लेने की संभावना है।
सेक्टर-1: ज्ञानी जैल सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज, सरकारी राजिंदरा कॉलेज, पंजाबी यूनिवर्सिटी रीजनल केंद्र व पुलिस पब्लिक स्कूल के छात्र पुलिस पब्लिक स्कूल में सुबह साढ़े 9 बजे एकत्र होंगे। यहां से यह रैली बाल्मीकि चौंक से होते हुए भागू रोड़, भागू रोड़, पावर हाउस रोड़, जीटी रोड़ होते हुए हनुमान चौंक होते हुए खेल स्टेडियम पहुंचेगी। इसे एएसपी अल्का मीना हरी झंडी देकर रवाना करेगी।
सेक्टर-2: सरकारी सेकंडरी स्कूल परस राम नगर, एसएसडी गल्र्स कॉलेज, एमएचआर, आर्य गल्र्स स्कूल के छात्र एमएचआर स्कूल में सुबह साढ़े 9 बजे एकत्र होंगे। यह रैली माल रोड, आर्य समाज चौंक, कोर्ट रोड़ से होते हुए फौजी चौंक पहुंचेगी। यहां से बीबी वाला रोड़ से होते हुए खेल स्टेडियम में पहुंचेगा। इसे बीडीए के मुख्य प्रशासक वरिंदर शर्मा हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।
सेक्टर-3: खालसा सीनियर सेकंडरी स्कूल, देस राज मेमोरियल स्कूल के छात्र खालसा स्कूल में सुबह साढ़े 9 बजे पहुंचेंगे। यह रैली सिरकी बाजार होते हुए बैंक बाजार, आर्य समाज चौंक से होते हुए फायर ब्रिगेड पहुंचेगा और यहां सेमाल रोड़ होते हुए खेल स्टेडियम पहुंचेगी। इसे बठिंडा के तहसीलदार कुलदीप सिंह हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।
सेक्टर-4: सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेज, डीएवी कॉलेज, दशमेश स्कूल, गुरु नानक देव पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र भाग लेंगे। इन स्कूलों के छात्र सुबह साढ़े 9 बजे डीएवी कॉलेज में पहुंचेंगे और कॉलेज से चल कर 100 फीट रोड़ होते हुए, घोड़े वाला चौक, अजीत रोड़, फौजी चौक से होते हुए खेल स्टेडियम में पहुंचेगी। इसे नगर निगम के सहायक कमिश्नर कमल कांत हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।
साइकिल रैली: सरकारी कन्या सेकंडरी स्कूल, एसएसडी गल्र्स कॉलेज की छात्राएं अपने साइकिल लेकर सुबह साढ़े 9 बजे रोज गार्डन चौंक पहुंचेंगी। यहां से रैली चल कर तीनकोनी, अमरीक सिंह रोड़, अस्पताल बाजार, सदभावना चौक से धोबी बाजार होते हुए माल रोड़ व फिर खेल स्टेडियम में पहुंचेगी। इस रैली को नगर निगम के कमिश्नर विपुल उज्ज्वल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।