पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • साइकिल रैली से किया वोटरों को जागरूक

साइकिल रैली से किया वोटरों को जागरूक

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रमुख संवाददाता - बठिंडा
‘उठो जागो और जानो अपने वोट के अधिकार को’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को ‘नेशनल वोटर-डे’ के मौके पर युवाओं के साथ-साथ नगर निगम कमिश्नर ने भी साइकिल की सवारी की। इसके साथ ही शहर के चार अलग-अलग जगहों से निकाली गई वोटर जागरूकता रैली के माध्यम से मतदाताओं को संदेश दिया गया। इसका समापन खेल स्टेडियम में किया गया। जहां मुख्य समारोह में बतौर मुख्य मेहमान फरीदकोट डिवीजन के कमिश्नर वीके शर्मा ने शिरकत किया। वहां जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीसी केके यादव ने चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक वोटरों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करते हुए उन्हें शपथ दिलाई। इस मौके पर सहायक डिप्टी कमिश्नर ((विकास)) सोनाली गिरी, सहायक डिप्टी कमिश्नर राजीव पराशर, मुख्य सलाहकार पुडा वरिंद्र शर्मा, कमिश्नर नगर निगम विपुल उज्ज्वल और अलग—अलग विभागों के अधिकारी, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थाओं के भारी गिनती में विद्यार्थी शामिल हुए।
मुख्य मेहमान श्री शर्मा ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है। यहां 18 वर्ष की आयु से ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार मिला हुआ है। इसका प्रयोग चुनाव रूपी राष्ट्रीय महापर्व में जरूर करना चाहिए। इससे हम देश को चलाने वाली एक व्यवस्था का निष्पक्ष रूप से चुनाव करते हैं। इसका हक हमें हमारे संविधान ने दे रखा है। मुझे यहां युवाओं की
उपस्थिति देखकर खुशी है कि बठिंडा के युवा अपने हकों के लिए जागरूक हैं और आगे बढ़ रहे हैं। डीसी श्री यादव ने कहा कि जिनका अभी भी वोटर लिस्ट में नाम नहीं जुड़ पाया है। ऐसे लोगों के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर स्पेशल मुहिम चलाई जाती है। उसका लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर नये नौजवान वोटरों के रजिस्ट्रेशन बेहतर कामयाबी के लिए सहायक डिप्टी कमिश्नर राजीव पराशर बतौर ईआरओ सम्मानित किया गया। इस कड़ी में लेक्चरर शिवजी राम और बीएलओ जगदेव सिंह का भी सम्मान किया गया। वोट के अधिकार की महत्ता के संबंध में अलग—अलग स्कूलों में करवाए गये स्लोगन, पोस्टर मेकिंग व भाषण मुकाबलों में विजेता रहे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सरकारी राजेंद्रा कॉलेज और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने लोक जागरूकता के लिए स्किट पेश किया। इन्हें मुख्य मेहमान ने सम्मानित किया। मंच का संचालन यूथ कोऑर्डीनेटर नेहरू युवा केंद्र जगजीत सिंह मान ने किया।