सड़क दुर्घटना मेें दो की मौत, कई घायल
बठिंडा - जिले में हुई दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी टैंकर व बस चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में गांव माणक खाना निवासी हरभजन सिंह ने बताया कि वह अपने भाई डोगर सिंह के साथ अपने दोस्त अजैब सिंह की मारुति कार में सवार होकर जा रहे थे। गांव गहरी बारा सिंह के पास तेल टैंकर चालक मंगा सिंह ने तेज रफ्तार टैंकर से उनकी कार को टक्कर मार दी। इसमें अजैब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरभजन सिंह व उसका भाई डोगर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। उधर, गांव जगाराम तीर्थ के पास एक तेज रफ्तार बस चालक ने सड़क चलते लोगों को फेट मार दी। इससे एक नौजवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बाइक सवारों को घायल कर दिया। पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में जगाराम तीर्थ निवासी जगतार सिंह ने बताया कि उसका भतीजा इकबाल सिंह गांव की सड़क पर जा रहा था। ढिल्लो कंपनी की बस के ड्राइवर जगदेव सिंह ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य बाइक सवार जो मौके पर जा रहे थे बस की चपेट में आकर घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी बस चालक पर केस दर्ज कर लिया है।