- Hindi News
- जिला मजिस्ट्रेट के पास ही धुंए में उड़ रहा है तंबाकू प्रतिबंध एक्ट
जिला मजिस्ट्रेट के पास ही धुंए में उड़ रहा है तंबाकू प्रतिबंध एक्ट
प्रमुख संवाददाता - बठिंडा
भले ही बठिंडा के जिला मजिस्ट्रेट केके यादव ने 15 अगस्त को जिले में बीड़ी सिगरेट पीने पर प्रतिबंध लगाकर जिले को तंबाकू मुक्त घोषित करार दे दिया। लेकिन ये कानून सिर्फ कागजों तक ही सिमट कर रह गया। जमीनी हकीकत यह है कि पूरे शहर व गली मुहल्ले में तंबाकू की सरेआम बिक्री हो रही है और पब्लिक प्लेस पर भी लोग खुलेआम बीड़ी सिगरेट पी रहे हैं।
यही नहीं, जिस बिल्डिंग से तंबाकू मुक्त के फरमान जारी किए गए थे, उस बिल्डिंग में डीसी के पास ही उनके ही कर्मचारियों के द्वारा इस कानून को ठेंगा दिखाया जा रहा है। जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स की नई बिल्डिंग में ही कई विभागों के कर्मचारी इसी इमारत में सरेआम बीड़ी सिगरेट पीते हैं।
मंगलवार को नई इमारत के एक दफ्तर में ही एक कर्मचारी बीड़ी पी रहा था। जब भास्कर टीम के द्वारा पूछा गया कि अपने ही दफ्तर में बीड़ी पी रहे हो, जबकि डीसी ने इस पर प्रतिबंध लगाया है। तब उन्होंने अपनी बीड़ी को अपने पीछे छिपा लिया। वहां पर मौजूद उनके सीनियर कर्मचारी को इसके बारे में पूछा गया कि आपके सामने ही ये कर्मचारी बीड़ी पी रहे हैं, आप ने रोका क्यों नहीं। तब उनका जवाब था कि वो अपने काम में व्यस्त थे, इसलिए उनको पता ही नहीं चला कि कोई बीड़ी पी रहा है। जो भी हो पर, जहां से कानून जारी किया गया वहीं इसका नहीं हो रहा पालन।