- Hindi News
- मिड डे मील कुक फ्रंट ने की वेतन बढ़ाने की मांग
मिड-डे मील कुक फ्रंट ने की वेतन बढ़ाने की मांग
बठिंडा - गुरुद्वारा हाजी रतन साहिब में डेमोक्रेटिक मिड-डे मील कुक फ्रंट पंजाब की आयोजित मीटिंग में फ्रंट ने पंजाब सरकार के मंत्री पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। फ्रंट के राज्य उप-प्रधान जल कौर लहरा सौंधा, जिला प्रधान शिंदर कौर सिवियां, संदीप सिंह फूल ने कहा कि 8 फरवरी को बठिंडा में कुक फ्रंट द्वारा रोष प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें भारी संख्या मे कुक महिलाएं शामिल होंगी।
इस रोष प्रदर्शन में बठिंडा के अलावा, मानसा, फाजिल्का, मुक्तसर, बरनाला, फरीदकोट जिलों के कुक नेता भी भाग लेंगे। उन्होंने पंजाब सरकार के मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि फ्रंट के साथ मीटिंग में वादा किया था कि बठिंडा व अन्य शहरों में मिड-डे मील का ठेकेदारी सिस्टम बंद कर स्कूलों में ही खाना तैयार किया जाएगा, परंतु सरकार ने उन्हें कुछ नहीं दिया। नेताओं ने कहा कि पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल को कुक फ्रंट के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा उनके गांव लहरा सौंधा मे उनके दौरे के दौरान मिलकर एक मांग-पत्र सौंपा गया था, जिस दौरान विश्वास दिलाया गया था कि कुक महिलाओं की समस्याओं को हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने मिड-डे मील कुक का वेतन 2500 रुपए कर दिया है परंतु पंजाब सरकार 1200 रुपए प्रति महीना वेतन देकर ही दावा कर रही है कि पंजाब सरकार देश मे कुक को अन्य राज्यों से अधिक वेतन दे रही है। उन्होंने मांग की वेतन मे बढ़ोतरी की जाए, ठेकेदारी प्रबंध को वापस लिया जाए, विभाग के अनपढ़ व पढ़े लिखे कुक्स को ट्रेनिंग देने का प्रबंध किया जाए, कुकों की सेवाओं को कम से कम मजदूरी कानून अधीन लाकर इनके वेतन मे बढ़ोत्तरी की जाए, कुक्स का दो लाख तक का बीमा मुफ्त़ किया जाए, जबरन स्कूलों से निकाली गई कुक महिलाओं को दोबारा रखा जाए, कुक का वेतन ब्लॉक स्तर पर ही सीधा कुक के खातों मे डाला जाए व कुक महिलाओं का एक स्कूल से दूसरे स्कूल मे बदली करने का नियम बनाया जाए। इस मौके पर कुलवंत कौर कल्याण, बलजीत कौर पूहला, सिकंदर कौर जस्सी बाग वाली भी मौजूद थी।