- Hindi News
- देहाती मजदूर सभा अपनी मांगों को लेकर शुरू करेगी संघर्ष
देहाती मजदूर सभा अपनी मांगों को लेकर शुरू करेगी संघर्ष
भास्कर न्यूज - बठिंडा
देहाती मजदूर सभा अपनी मांगों को लेकर 24 फरवरी से संघर्ष करेगी। सभा अमृतसर जिले के राइया, पठानकोट के घरोटा, जालंधर के नकोदर व बठिंडा जिले के संगत मंडी ब्लॉक विकास व पंचायत अधिकारियों के दफ्तरों से संघर्ष की शुरुआत करेगी। यह ऐलान टीचर्स होम बठिंडा में देहाती मजदूर सभा की हुई बैठक के दौरान किया गया। सभा के महासचिव गुरनाम सिंह दाऊद ने कहा कि संघर्ष से पहले महंगाई के खिलाफ 10 व 11 फरवरी को हर जिले के फूड सप्लाई विभाग के दफ्तरों के आगे विशाल रोष प्रदर्शन किया जाएगा। बठिंडा जिला के सचिव व राज्य वर्किंग कमेटी महीपाल ने बताया कि गरीबों को 5-5 मरले के प्लाट देने का वादा अभी तक पूरा नहीं किया। उनके द्वारा मांग की गई कि मनरेगा स्कीम के तहत पूरा वर्ष कम से कम रोजाना 300 रुपए दिहाड़ी देते हुए काम दिया जाए, मनरेगा कार्यों में राजनीतिक दखल बंद किया जाए। इसके अलावा बुढ़ापा, विधवा, अंगहीन व आश्रित पेंशनों की लगातार अदायगी यकीनी बनाते हुए पेंशन की राशि कम से कम दो हजार रुपए प्रति महीना की जाए, बिजली बिल माफ कर पिछले बकाये खत्म किए जाएं, शगुन स्कीम व पक्का रोजगार देने के वादे पूरे किए जाएं। मीटिंग में मुक्तसर जिले से जगजीत सिंह जस्सेआणा व हरजीत सिंह मदरसा, फरीदकोट से गुरतेज सिंह हरी नौ, मलकीत सिंह शेर सिंह वाला, सुखदेव सफरी व हरपाल सूर धूरी, बठिंडा से दर्शन सिंह बाजक व गुरजंट सिंह जै सिंह वाला, पटियाला से प्रह्लाद सिंह व सुखदेव सिंह निआल, फाजिल्का से जग्गा सिंह व गुरमेज गेजी, बरनाला से भोला सिंह क्लाक माजरा व गुरदेव सिंह सहिजड़ा ने भी संबोधित किया।