- Hindi News
- बीपीसीएल डिपो ऑपरेटर के घर में आग, पत्नी जिंदा जली
बीपीसीएल डिपो ऑपरेटर के घर में आग, पत्नी जिंदा जली
भास्कर न्यूज - बठिंडा
बीपीसीएल ((भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड)) के बठिंडा डिपो में तैनात ऑपरेटर बाबू लाल के दीप नगर स्थित घर में बुधवार शाम को अचानक आग लग गई। घर में मौजूद उनकी पत्नी कमलेश इस घटना में जिंदा जल गई। घटना स्थल पर पहुंची 0 फायर ब्रिगेड ने घर में लगी आग पर काबू पाया। सहारा कार्यकर्ताओं ने बुरी तरह झुलस चुकी कमलेश को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार कुलदीप सिंह, नायब तहसीलदार सुभाष मित्तल, डीएसपी सिटी गुरमीत सिंह कींगरा व वर्धमान चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऐसे हुई घटना : दीप नगर की गली नंबर 5 निवासी बाबू लाल बीपीसीएल में बतौर ऑपरेटर तैनात हैं। बुधवार को वह किसी काम से कानपुर गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी कमलेश, बेटा साहिल((20)), बेटी टीना((21))घर पर थे। शाम को करीब 6 बजे साहिल व टीना सब्जी मंडी से सब्जी लेने के लिए चले गए। घर पर उनकी माता कमलेश अकेली थी। अचानक 6.30 बजे घर में आग लग गई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड व सहारा जन सेवा को दी गई। घर की लॉबी का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे झटके से लोगों ने तोड़ा और पानी की पाइप लगाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मगर आग के साथ धुंध ज्यादा होने से लोग राहत कार्य में सफल नहीं हुए। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और सहारा जन सेवा के कार्यकर्ता कुछ ही समय बाद मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद सहरा कार्यकर्ताओं अंदर गए और बुरी तरह झुलसी कमलेश को उठाकर सरकारी अस्पताल ले गए। मगर तब तक वह करीब 90 फीसदी जल चुकी थी। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की एक बड़ी बेटी भी है जो रेलवे कालोनी में विवाहित है।