आरएनटीसीपी कर्मियों का धरना जारी
भास्कर न्यूज - बठिंडा
आरएनटीसीपी यूनियन की तरफ से वीरवार को भी कामकाज ठप कर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। सिविल सर्जन दफ्तर के बाहर कर्मियों ने सारा दिन धरना दिया। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को नहीं मान लिया जाता हड़ताल जारी रहेगी। गौर हो कि पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के रोष में सेहत विभाग के टीबी कंट्रोल कार्यक्रम में ठेका आधार पर काम करते कर्मचारियों ने बुधवार को अनिश्चित समय के लिए हड़ताल शुरू कर दी है।
आरएनटीसीपी के तहत जिले में 18 व्यक्ति काम कर रहें है। ये कर्मी तपेदिक रोग को रोकने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। इसलिए इन के हड़ताल पर चलने के कारण सिविल अस्पताल के टीबी अस्पताल में किसी भी मरीज के बलगम की जांच नहीं हो रही है। वहीं सरकार को टीबी की रिपोर्ट भी भेजी नहीं जा रही है। इसके अलावा इन दिनों तपेदिक के मरीजों का फॉलोअप भी नहीं हो पा रहा है। जिसका असर विभाग के इस प्रोजेक्ट पर पड़ रहा है। यूनियन के जिला प्रधान कृष्ण कुमार ने बताया कि अप्रैल 2013 से केंद्र सरकार ने वेतन में वृद्धि की थी, लेकिन पंजाब सरकार ने अभी तक लागू नहीं किया हैं। उन्होंने बताया कि वेतन न मिलने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सिविल सर्जन के साथ भी मुलाकात की थी पर उनकी परेशानी का हल नहीं निकल सका है। यूनियन के गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें फंड न होने की बात कही जा रही है। यूनियन मेंबरों ने अपना कामकाज छोड़ कर सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
हड़ताल से टीबी अस्पताल का कामकाज प्रभावित