- Hindi News
- ग्रेवाल के गीत, कलाकारों की जांबाजी ने लूटा दिल
ग्रेवाल के गीत, कलाकारों की जांबाजी ने लूटा दिल
भास्कर न्यूज - बठिंडा
गायक कंवर ग्रेवाल की लाइव परफॉरमेंस, गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतब, बाइकर्स के स्टंट्स और छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने बाबा फरीद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में समां बांध दिया। वीरवार को विबग्योर सेकेंड इंटरनेशनल फेस्ट और ‘दैनिक भास्कर’ मीडिया पार्टनर के आयोजित कार्यक्रम में मस्ती और मनोरंजन का हर रंग देखने का मिला। फेस्ट का शुभारंभ मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने किया। दो दिन तक चलने वाले इस फेस्ट के पहले दिन सैकडों की संख्या में युवाओं ने शिरकत की। इंटरनेशनल फेस्ट में लोगों के मनोरंजन का विशेष ख्याल रखते हुए बाबा फरीद ग्रुप की तरफ से कई फन गेम का आयोजन भी किया गया। कॉलेज में मेला जैसा माहौल देखने को मिला। विधायक दर्शन सिंह कोट फत्ता, मनतार सिंह बराड़ विशेष तौर पर मौजूद थे। बाबा फरीद ग्रुप के एमडी गुरमीत सिंह धालीवाल ने अपने इंस्टीट्यूट के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी। कैंपस में देर शाम तक मनोरंजक कार्यक्रम चलता रहा।
टैंक व तोप को देखने को भी उमड़ी भीड़ : भारतीय सेना की तरफ से युवाओं को फौज में भर्ती होने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अपने हथियारों को भी फेस्ट के दौरान प्रदर्शित किया गया। सेना की तरफ से डिस्पले किया गए अत्याधुनिक गन जिनमें मीडियम मशीन गन जो कि एक मिनट में एक हजार राउंड फायर करती है। रॉकेट लांचर, मशीन गन, सेल्फ लोडेड गन में लोगों ने खूब दिलचस्पी दिखाई। इसके अलावा छात्रों ने टैंक व तोप की वर्किंग को भी करीब से जाना। गढ़वाल राइफल व 176 रेजीमेंट के जवानों की तरफ से यह प्रर्दशनी लगाई गई है।
जोधपुर के कलाकारों ने दिखाया कालबेलिया डांस : राजस्थान के कलाकारों ने भी इस फेस्ट में अपनी कला का जादू बिखेरा। जोधपुर से पहुंचे कलाकारों ने राजस्थान की मशहूर कालबेलिया डांस पेश कर खूब वाह-वाही लूटी। वहीं पंजाब की कुडिय़ां भी किसी से पीछे नहीं दिखाई दी। लड़कियों ने लुटणा सी मेला ते लूट ले चलें हैं गीत में खूब डांस किया और गिद्दा पेश किया। लड़कों की तरफ से पंजाब का लोक नाच भंगड़ा का भी बखूबी मंचन किया।
मस्त बणा देण गे बीबा गीत पर खूब नाचे युवा: पंजाब के मशहूर गायक कंवर ग्रेवाल ने भी अपनी लाइव परफोरमेंश कैंपस परिसर में दी। ग्रेवाल ने अपने गीत मस्त बणा देणगे बीबी गा कर पंडाल में बैठे युवाओं को नाचने के लिए मजबूर कर दिया। सामणे होवे यार तां नचणा पेंदा है व साइंयां दी कंजरी गीत जैसे ही ग्रेवाल ने गाया तो पंडाल में बैठे युवाओं ने खूब हूटिंग की।
फन जोन व साइंस प्रर्दशनी ने खींचा सबका ध्यान: परिसर में लोगों के लिए फन जोन भी रखा गया। जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया। खाने पीने के लिए कई स्टाल की व्यवस्था थी। हॉट बैलून देखने में भी लोगों ने दिलचस्पी दिखाई, वहीं रोप स्लाइड का मजा भी युवाओं ने खूब उठाया। राबर्ट वेक्यूम ने भी लोगों को अपनी तरफ खिंचने में सफलता हासिल की। शहर की कई व्हीलर डीलरों की तरफ से भी अपने वाहनों को परिसर में डिस्पले किया गया। एडवेंचर स्पोट्र्स जिसमें माउंट क्लाइंबिंग का आनंद भी युवाओं ने उठाया। गुरु राम दास पब्लिक स्कूल के छात्रों की तरफ से लगाई गई साइंस प्रर्दशनी को भी लोगों ने खूब सराहा। पेड़ा की तरफ से अपना सोलर सिस्टम भी इस दौरान लोगों के लिए प्रदर्शित किया गया।