पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भाजपा नेता शीतल अंगुराल और पार्षद सुशील रिंकू के बीच थाना पांच में विवाद

भाजपा नेता शीतल अंगुराल और पार्षद सुशील रिंकू के बीच थाना पांच में विवाद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रिंकू समेत अन्य आरोपियों पर केस दर्ज, एक गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - जालंधर
थाना पांच में बुधवार रात भाजपा नेता शीतल अंगुराल व कांग्रेसी पार्षद सुशील रिंकू के बीच विवाद हो गया। बहसबाजी से शुरू हुआ विवाद बढ़ गया, जिससे रिंकू पक्ष से डायनामिक ग्रुप व दूसरे पक्ष से भाजपा नेता इकट्ठे हो गए। शीतल अंगुराल का आरोप है कि उनके बच्चों पर कुछ दिन पहले हमला कर दिया गया था। उस मामले में पुलिस ने बंसी लाल नामक व्यक्ति को पकड़ा तो उसे बचाने के लिए पार्षद रिंकू आ गए। हालांकि रिंकू का आरोप है कि पुलिस ने बंसी लाल को राजनीतिक दबाव में पकड़ा। थाना पांच पुलिस ने पार्षद रिंकू, बंसी लाल व अन्यों पर ही जान से मारने की धमकी व रास्ता घेरने का केस दर्ज कर लिया। केस में बंसी लाल की गिरफ्तारी हो गई।
बस्ती दानिशमंदा के रहने वाले शीतल अंगुराल का कहना है कि बंसी लाल रिंकू का समर्थक है। रिंकू के कहने पर वह उनके खिलाफ झूठी शिकायतें देता है। करीब एक साल पहले बंसी लाल व उसके साथियों ने उनके समर्थक रुस्तम पर जानलेवा हमला कर उसकी उंगलियां तोड़ दी थी। थाना पांच में सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। करीब छह महीने पहले उनके बच्चे कार में जा रहे थे कि कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उस मामले में भी केस दर्ज हुआ। पुलिस ने कुछ युवक पकड़ लिए थे। बीते कुछ दिनों से बंसी व उसके समर्थक उनके भाई राजन अंगुराल को फोन पर धमका रहे थे।
रविवार को उक्त युवकों ने भाई को दफ्तर के बाहर घेर लिया और जान से मारने की धमकियां दी। उन्होंने शिकायत दी और पुलिस ने बुधवार को बंसी को पकड़ लिया। उसे छुड़वाने के लिए रिंकू आ गया। इसी को लेकर बहसबाजी हुई। वहीं पार्षद सुशील रिंकू का कहना है कि बंसी लाल उनका समर्थक है। अंगुराल ब्रदर्स जानबूझ कर उसे किसी न किसी में फंसा देते हैं। इस केस में भी उसे झूठा फंसा दिया। साथ ही उन्हें भी नामजद कर लिया। ये पुलिस ने सरेआम धक्केशाही की है। इस मौके पर शीतल की तरफ से भाजपा नेता अमित तनेजा, अमरजीत सिंह अमरी, पूर्व पार्षद मनजीत सिंह टीटू, कमल शर्मा और रिंकू की तरफ से पार्षद पति मेजर सिंह, सिमरनजीत सिंह बंटी, अमित ढल्ल, दिनेश ढल्ल व अन्य मौजूद थे। सभी ने एसएचओ को कहा कि वह वीरवार सुबह बैठकर शीतल व रिंकू के बीच पैदा हुए मतभेद खत्म करेंगे।