- Hindi News
- चार्जशीट का जवाब न देने पर चीफ सुपरवाइजर का इंक्रीमेंट रोका
चार्जशीट का जवाब न देने पर चीफ सुपरवाइजर का इंक्रीमेंट रोका
जालंधर - रेलवे के चीफ बुकिंग सुपरवाइजर हरवंश सिंह को खराब सुपरविजन के आरोप में दिसंबर में चार्जशीट जारी की गई थी। इसका जवाब न देने पर अब उनका एक साल का इंक्रीमेंट रोक दिया गया है। बीते दिनों हरवंश सिंह को सिटी स्टेशन से कैंट स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया है, लेकिन अभी तक उन्होंने कैंट में ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले एसीएम तरलोक सिंह ने बुकिंग काउंटर का निरीक्षण किया था। इसमें उपस्थिति रजिस्टर कंप्लीट नहीं था। साथ ही ड्यूटी दिन में होने के बजाय उन्हें रात में ड्यूटी करते हुए पाया गया था। एसीएम की रिपोर्ट पर उन्हें एसएफ-11 जारी किया गया था।
इसमें महिला क्लर्कों को भी एसएफ-11 नोटिस जारी किया गया था। उन पर यात्रियों से किराए से अधिक पैसे वसूलने का आरोप था।
इस चार्जशीट पर सीबीएस से जवाब मांगा गया था, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब फाइल नहीं किया गया। इस पर फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों ने उनका एक साल का इंक्रीमेंट रोक दिया है।
ट्रांसफर से शुरू हुई थी अधिकारियों और सीबीएस में अनबन
हरवंश सिंह और रेलवे अधिकारियों के बीच विवादों का सिलसिला बीते साल से शुरू हुआ। उनका ट्रांसफर कैंट स्टेशन पर कर दिया गया। वह बार-बार रेलवे अधिकारियों से ट्रांसफर रोकने की अपील करते रहे, लेकिन अधिकारियों ने एक नहीं सुनी। इसके बाद वह कोर्ट से ट्रांसफर पर स्टे ऑर्डर ले आए और सिटी स्टेशन पर काम करते रहे। इस वजह से वह अधिकारियों की निगाह में चढ़ गए। दूसरी सुनवाई में हरवंश का स्टे ऑर्डर टूट गया। रेलवे अधिकारियों को मौका मिलते ही उन्हें दोबारा कैंट ट्रांसफर कर दिया, लेकिन वह अभी तक कैंट में ज्वाइन नहीं किया है।