- Hindi News
- धरने से पहले विधायक मनोरंजन कालिया से मिले व्यापारी
धरने से पहले विधायक मनोरंजन कालिया से मिले व्यापारी
फोटो))
-कालिया ने कहा: व्यापारी मांगों को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा करूंगा
-व्यापारियों की चेतावनी: मांगें न मानी तो 27 को विधायकों के घरों का घेराव शुरू, पहला नंबर उन्हीं का
भास्कर न्यूज.जालंधर
वैट रिफंड, दुकानों पर प्रापर्टी टैक्स की दर तीन फीसदी से घटाकर डेढ़ करने और बाकी टैक्सेशन के मुद्दों पर शहर के व्यापारी 27 जनवरी से विधायकों के घरों का घेराव शुरू कर देंगे। पहले दिन विधायक मनोरंजन कालिया के घर सुबह 11 बजे धरना होगा। इसके बाद 28 को विधायक परगट सिंह, 29 को जंगलात मंत्री भगत चूनी लाल और 30 को सीपीएस केडी भंडारी के घर के बाहर धरना होगा। इससे पहले विधायक मनोरंजन कालिया ने शनिवार को व्यापारियों की बात सुनी। पार्टी के भीतर उनकी मांगों पर विचार करने की बात कही है।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्य रविंदर धीर, गुरशरण सिंह, आरके शर्मा और गुरमीत सिंह बिट्टू की अगुवाई में विधायक मनोरंजन कालिया को मिले। इस दौरान भाजपा के पंजाब के उप प्रधान रवि महेंद्रू भी पहुंचे। व्यापारियों ने उनसे कहा कि पहली जनवरी को जिला प्रधान एडवोकेट सुभाष सूद के घर पर उनकी मांगें पंजाब सरकार के आगे रखने की बात की गई थी। ये वादा पूरा नहीं किया गया। जिससे मजबूर होकर उन्हें 27 से धरने शुरू करने पड़े हैं। पहले से तय शेड्यूल के अनुसार पहला धरना उन्हीं के घर के बाहर होगा।
विधायक कालिया ने मौके पर ही पार्टी लीडरशिप से बात की। भरोसा दिया है कि वह व्यापारी मांगों पर पार्टी के भीतर विचार चर्चा करेंगे। धरने के पहले छब्बीस जनवरी को चर्चा करने की बात की है। इसके जवाब में रविंदर धीर गुरशरण सिंह और साथियों ने कहा है कि अगर 27 से पहले कोई गंभीर रिस्पांस न हुआ तो धरनों का आंदोलन शुरू करेंगे। इसकी पूरी तैयारी है। विधायक कालिया से बैठक से पहले बाजारों में संपर्क अभियान चलाया गया। इश्तिहार बांटे गए। व्यापारियों में बलजीत सिंह आहलूवालिया, राकेश बहल, विक्की कालिया, निर्मल सिंह बेदी, एडवोकेट रंजीत सिंह, कुलदीप सिंह नरूला और फगवाड़ा गेट से अमित सहगल शामिल थे।