लुटेरों को हेरोइन बेचने वाला गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - जालंधर
पुलिस ने एक ऐसे नशा बेचने वाले आरोपी को पकड़ा है जो पैसे न हो तो लुटेरे से लूट के माल के बदले नशा दे देता था। अली मोहल्ले के अमरजीत सिंह के कब्जे से चार मोबाइल, एक लैपटॉप, 42 ग्राम हेरोइन और साढ़े तीन सौ ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया है। पुलिस ने अमरजीत से हेरोइन खरीदने वाले अली मोहल्ले के लक्की कल्याण को पांच ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। इसके अलावा एक अन्य आरोपी रस्ता मोहल्ले के राज कुमार उर्फ राजा को 110 ग्राम नशीले पाउडर के साथ पकड़ा है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अलग-अगल केस दर्ज किए गए हैं।
थाना की एसएचओ रिचा अग्निहोत्री ने बताया कि सब इंस्पेक्टर सिमरजीत सिंह को सूचना मिली थी कि सिविल अस्पताल परिसर में एक तस्कर ग्राहक को हेरोइन व नशीला पाउडर बेचने के लिए खड़ा है। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पकड़ा था। अमरजीत से हेरोइन खरीद कर जा रहा लक्की कल्याण को भी पकड़ लिया गया। प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि अमरजीत ने माना कि वह लुटेरे और अपराधी टाइप के युवकों को नशा बेचा करता है। एसएचओ का कहना है कि पुलिस अमरजीत को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि पता चले कि वह कहां से नशा खरीदता है और उसके ग्राहक कौन-कौन से लोग हैं।