एक लीटर में 250 किमी. चलेगी कार
अखंड प्रताप सिंह - जालंधर
एनआईटी जालंधर के स्टूडेंट्स ने ऐसी कार तैयार की है जो एक लीटर में 250 किमी. तक चलेगी। एवरेज कागज पर नहीं बल्कि फील्ड में चेक किया गया है। टीम दक्ष का कहना है कि यदि सड़क पर इस कार को चलाया जाए तो इसकी एवरेज प्रति लीटर 200 किमी. के आसपास आएगी। टीम ने मात्र 25 दिन के भीतर यह काम कर दिखाया है।
मनीला में सेल इको मैराथन में किया जाएगा प्रदर्शित
कार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में 6 से 9 फरवरी के बीच सेल की ओर से आयोजित होने वाले सेल इको मैराथन में शामिल किया जाएगा। टीम में पहला पुरस्कार जीतने को लेकर काफी उत्साह बना हुआ है। क्योंकि बीते साल की विजेता कार की एवरेज 230 किमी. प्रति लीटर थी। इस आयोजन में भारत से 90 टीमों ने आवेदन किया था। इसमें 17 टीमों का सेलेक्शन हुआ। लेकिन अब केवल पांच टीमें ही भाग ले रही हैं। जबकि एशिया की 140 टीमें भाग ले रही हैं। कार को एनआईटी के शिक्षक डॉ. अनीस सचदेवा और डॉ. विशाल शर्मा की देखरेख में तैयार की गई है।
इन्जेक्टर लगाकर बढ़ा दिया एवरेज
दक्ष टीम के सदस्य अर्पित मदान ने बताया - पहले कार की स्पीड केवल 100 किमी. प्रतिघंटा थी। लेकिन इसके एवरेज को बढ़ाने के लिए इन्जेक्टर लगाया है। इन्जेक्टर को लगाए जाने से कार की एवरेज 250 किमी. प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा कार में प्रॉक्सीमिटी सेंसर के साथ ही डिजिटल स्पीडोमीटर लगाया गया है। एल्यूमीनियम चेसिस और सीवीटी ((कन्टीन्यूस वैरिएबल ट्रांसमिशन)) लगाया गया है। इससे मैनुअल ट्रांसमिशन को ऑटोमेटिक कर दिया गया है। 319 सीसी का डीजल इंजन लगाकर कार को एअरो डायनामिक डिजाइन में बनाया गया है।
एनआईटी जालंधर के स्टूडेंट्स ने तैयार की, बनाने में लगाए 25 दिन