- Hindi News
- आज पता चला पिता जी के पास बड़ा परिवार था, मैं छोटा
आज पता चला पिता जी के पास बड़ा परिवार था, मैं छोटा
भास्कर न्यूज - जालंधर
प्रिंसिपल चमन लाल अरोड़ा 26 जनवरी को 93 साल की उम्र में इस दुनिया से चले गए। मंगलवार को डीएवी कॉलेज में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। जांबिया से आए बेटे सुधीर अरोड़ा ने कहा, ‘मैं पिता जी से जब भी कहता था, मेरे साथ चलो, वो इंकार कर देते। कहते ,मैं यहां अपने परिवार में हूं। वहां जाकर क्या करूंगा। अब पता चला कि वो मेरे साथ क्यों नहीं आना चाहते थे। उनके पास एक बहुत बड़ा परिवार था, और उस परिवार के सामने मैं बहुत छोटा हूं। मेरे कंधे शायद उनको नहीं संभाल पाते इतने साल, जितना इस परिवार ने संभाला।’ वह अपने बेटे से खर्च के लिए पैसे भी नहीं लेते थे। कहते थे मुझे जरूरत नहीं मेरा परिवार है यहां।
एचएमवी की प्रिंसिपल डॉ. रेखा कालिया भारद्वाज ने रस्म उठाला के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, वह डीएवी इंस्टीट्यूशन के पितामह थे। फिजिक्स को मुश्किल माना जाता रहा है, लेकिन उन्होंने अपने नोट्स के जरिए न जाने कितने छात्रों के लिए फिजिक्स आसान कर दी। जो कि इंजीनियर और डॉक्टर बने। वह जिंदा रहेंगे हमेशा, एजुकेशन और डीएवी कॉलेज में अपनी देन की वजह से। उनके बाद डॉ. सतीश शर्मा, डायरेक्टर कॉलेजिस, डीएवी कमेटी ने कहा वह हमेशा ऐसे फोन करते जैसे कि एक पिता अपने बेटे को फोन करता है।
उन्होंने अपना पूरा जीवन डीएवी के लिए दिया और आर्य समाज के दिखाए रास्ते पर चले, हमे अब उनका अनुसरण करना है। डॉ. सतीश कपूर, रजिस्ट्रार डीएवी यूनिवर्सिटी ने कहा कि जब वह डीएवी शोलापुर में छह साल रहे, उनके बाद मैं भी साढ़े चार
साल वहां रहा। लोग मेरे सामने उनकी विनम्रता और फिजिक्स
को लेकर उनके ज्ञान को हमेशा सराहते। डीएवी कॉलेज पंजाब की जब भी बात आती तो उनका जिक्र जरूर होता।
आर्य समाज के प्रचारक राजू वैज्ञानिक और स्वामी सूर्य देव ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। विधायक मनोरंजन कालिया, गुलशन शर्मा, सेठ कुंदन लाल चेयरमैन स्थानीय डीएवी कमेटी, सदस्य स्थानीय डीएवी कमेटी, प्रिंसिपल डॉ. बीबी शर्मा, डीएवी कॉलेज, प्रिंसिपल निश्चित चंद, डीएवी नकोदर, एमएल एरी, डायरेक्टर, डीएवी नर्सिंग इंस्टीट्यूट, अरविंद घई, प्रधान, आर्य समाज सभा, मॉडल टाउन, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुरिंदर सैनी, डॉ. विजय महाजन, एमडी, टैगोर हॉस्पिटल, प्रो. विपिन जांझी, डीएवी कॉलेज, सीएल कोछड़, रीजनल डायरेक्टर डीएवी मैनेजिंग कमेटी, पुलिस डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल रश्मि विज, आशी की काउंसलर चंचल मल्होत्रा डेविएट के प्रिंसिपल एएल सांगल, डीएवी कॉलेज में फिजिक्स के प्रोफेसर रहे ठाकुर बलवंत सिंह, रोटरी गवर्नर डॉ. पवन गुप्ता और सुरेन्द्र सेठ भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।