पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गोपाल नगर में गंदा पानी पीने से लोग बीमार

गोपाल नगर में गंदा पानी पीने से लोग बीमार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जालंधर
गोपाल नगर में पीने के पानी में सीवरेज का पानी मिल जाने से लोग बीमार हो रहे हैं। इलाकावासियों का कहना है कि इसको लेकर वे पार्षद पति महिंदर सिंह गुल्लू से भी कई बार मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक पानी की सप्लाई को ठीक नहीं करवाया गया। उन्होंने कहा कि वोट लेने के लिए तो वह गली-गली घूमते हैं, लेकिन एक बार भी आकर उन्होंने उनकी समस्या नहीं देखी। 26 जनवरी को इलाके के लोगों ने महिंदर सिंह गुल्लू के घर के बाहर प्रदर्शन किया था। गंदे पानी के कारण लगभग 400 के करीब घर प्रभावित हो रहे हैं। मोहल्लावासियों ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर पार्षद पति ने फॉल्ट को ठीक नहीं करवाया तो वे पार्षद के घर के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे। कैलाश, रीना, दीपक, रंजू और प्रीति ने बताया कि वे संतों के गुरुद्वारे से पानी लाकर पीते हैं। दो महीने से उन्हें यह परेशानी आ रही है।



इलाके में

कोई परेशानी नहीं : गुल्लू

वार्ड 26 के पार्षद पति महिंदर सिंह गुल्लू ने कहा कि इलाके में ऐसी कोई परेशानी नहीं है, इलाके में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद सीवरेज बंद हो गया था, जिसे उन्होंने निगम की टीम को बुलवाकर खुलवा लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के घरों में पानी की पाइपें पुरानी होने के कारण गल गई हैं, इसलिए जब शाम को मोटर बंद होती है, तो पानी गंदा आ जाता है।

नव्या बीमार, अस्पताल ले जाना पड़ा

एक साल की नव्या भी बीमार है, उसकी मां ने बताया कि नव्या को एक दिन सिविल अस्पताल में दाखिल भी करवाया गया था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में क्लोरिन की गोलियां तक नहीं बांटी है। उनकी बेटी को पेट की बीमारी के साथ दस्त भी है।

ढाई साल का गौरव एक हफ्ते से बीमार

ढाई साल के गौरव की मां मीनू ने बताया कि बेटे को एक हफ्ते से बुखार है, घर में पीने के पानी में सीवरेज का गंदा पानी मिलकर आ रहा है, पिछले 15 दिनों से पानी ज्यादा गंदा आ रहा है, उन्होंने कहा कि मोहल्ले के हर घर में कोई न कोई बीमार है। वह भी तीन दिन पहले बीमार थी।

सात साल का मनोज तीन दिन से बीमार

सात साल के मनोज की मां ने बताया कि बेटे को तीन दिनों से बुखार है। पानी से बदबू आ रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं है। उन्होंने कहा कि इलाका पार्षद भी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, कोई काम नहीं कर रहा है।

15 दिनों से बीमार हैं 60 साल की आशा रानी

60 वर्षीय आशा रानी ने बताया कि वार्ड-26 के इस गोपाल नगर मोहल्ले में पिछले दो महीने से लोगों को परेशानी आ रही है। गंदा पानी पीने से वह पिछले 15 दिनों से बीमार हैं। इलाके में सीवरेज के पानी का भी कोई निकास नहीं हो रहा है, जिसके कारण लोगों में बीमारियां फैल रही है।