पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ट्रांसफॉर्मर चोर गिरोह के पांच मेंबर पुलिस के हत्थे चढ़े

ट्रांसफॉर्मर चोर गिरोह के पांच मेंबर पुलिस के हत्थे चढ़े

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - लुधियाना
पायल व मलौद इलाके में बिजली ट्रांसफॉर्मर तोड़कर तांबे के क्वाइल और तेल चुराने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 50 किलो तांबे की तार और एक टैंपो बरामद किया है। चोर गिरोह के सदस्य पिछले 10 वर्ष से पायल, मलौद, दोराहा, सदर खन्ना व नाभा इलाके में बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मरों में से तांबे की तार और तेल चुराने का धंधा कर रहे थे। लेकिन चोर गिरोह पुलिस की पकड़ में कभी नहीं आ पाया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भिखी रोड राड़ा साहिब के करनैल सिंह उर्फ कैली व सन्नी उर्फ नछत्तर, मिर्च मंडी राजपुरा का साजन, जिला पटियाला के भादसों का संजे उर्फ कूकर और मीट मार्केट खन्ना का सीया नंद उर्फ सीया के तौर पर हुई है। थानेदार लाभ सिंह ने बताया कि वीरवार रात्रि डेढ़ बजे वह पुलिस कर्मियों के साथ बस स्टैंड रौणी के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि क्वाइल चुराने वाले गिरोह के सदस्य तांबा चोरी कर नीले रंग के टेंपो में सवार राड़ा साहिब की साइड से ईसड़ू होकर मालेरकोटला की ओर जा रहे हैं।
पुलिस ने रौणी इलाके में टेंपो को घेरकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चुराए गए तांबे के 50 किलो क्वाइल बरामद किए हैं। यह गिरोह पिछले 10 वर्ष में थाना दोराहा, पायल, मलौद, सदर खन्ना व नाभा थाने के अंतर्गत पड़ते गांवों से सैकड़ों ट्रांसफॉर्मर में से कीमती सामान चोरी कर चुका है।