आप पार्टी अब गांव की ओर
रायकोट - गांव अंडालु में पीर बाबा लाला वालों की दरगाह पर आम आदमी पार्टी की मीटिंग रायकोट के कोऑर्डीनेटर रोहित शर्मा की अगुवाई में हुई। मीटिंग में लुधियाना ग्रामीण के कनवीनर मनवीर सिंह ग्रेवाल मुख्य रूप से उपस्थित हुए। कनवीनर ग्रेवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी का मकसद है, भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण करना। जब राजनीति में इमानदार लोग आगे आएंगे, तब ही भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गांव और शहरों में आम आदमी पार्टी, वार्ड स्तर पर इमानदार लोगों की सहमति के साथ कोऑर्डिनेटर नियुक्त करेगी। वार्डों में नियुक्त किए गए कोऑर्डीनेटर गांव और शहर के कोऑर्डीनेटर की नियुक्ति के लिए सहमति प्रदान करेंगे। गांव और शहरों के कोऑर्डीनेटर की सहमति से ब्लाक स्तरीय कोऑर्डीनेटर नियुक्त किए जाएंगे। ब्लाक स्तरीय कोऑर्डीनेटर जिला स्तर पर कनवीनर का चुनाव करेंगे। ग्रेवाल ने बताया कि वार्ड स्तर के कोआर्डिनेटरों को लेकर जिला स्तर के कोआर्डिनेटरों की राय लेकर ही आने वाले लोक सभा के चुनाव के लिए ‘आप’ पार्टी के प्रत्याशियों का चयन करेंगे। इस अवसर पर सर्व सम्मति से रशपाल सिंह को गांव अंडालु का ‘आप’ पार्टी का कोऑर्डीनेटर और सुखविंदर सिंह को को-कोऑर्डीनेटर नियुक्त किया गया। इस अवसर पर सुरजीत सिंह, हरसुमिंदर सिंह, जसविंदर सिंह काका सिंह, सुमनदीप सिंह, रमेश कुमार, निर्मल सिंह, गोगी सिंह, गुलजार सिंह, पाल सिंह, जगदेव सिंह उपस्थित हुए।