- Hindi News
- विकास कार्यों की निगरानी के लिए तीन शहरी हलका प्रभारी
विकास कार्यों की निगरानी के लिए तीन शहरी हलका प्रभारी
भास्कर न्यूज - लुधियाना
शहर के अधूरे विकास प्रोजेक्ट पूरे किए बिना नई परियोजनाओं की घोषणा पर एतराज जताने वाले एनजीओ मातड़ साथी जागृति मंच ((एमएसजेएम)) का अभियान जोर पकड़ता जा रहा है। मंच ने विकास के मुद्दे पर लोकपाल में शिकायत करने के बाद कुछ एनजीओ की कोर्डिनेशन कमेटी बनाकर एक महापंचायत बुलाई। जिसमें 89 एनजीओ साथ आने के बाद अब विकास के आंदोलन को और तेज करने की रणनीति बनी है। जिसके तहत विकास कार्यों की निगरानी को शहर के 3 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी लगाए गए हैं। बाकी विस क्षेत्रों में भी जल्द प्रभारी लगेंगे। अगले चरण में वार्ड और फिर बूथ स्तर पर भी लोकसभा चुनाव से पहले प्रभारी लगाने की योजना है। इस संगठनात्मक ढांचे को तैयार करने का मकसद चुनाव में शराब व राशन बांटने वालों की घेराबंदी करना है।
वोट खरीदने वाले करते हैं विकास को प्रभावित : एमएसजेएम के प्रमुख कीमती रावल ने तर्क दिया कि चुनावों में लालच देकर वोट खरीदने वाले विकास को प्रभावित करते हैं। ऐसे उम्मीदवार पैसे के बल पर चुनाव जीत जाते हैं तो वे सिर्फ अपना विकास करते हैं। इसी गलत अलोकतांत्रिक परंपरा को रोकने के लिए मंच की निगरानी में बूथ स्तर तक प्रभारी लगाए जाएंगे। जिनको लोकतंत्र के रखवाले नाम दिया जाएगा। ये प्रभारी स्वभाविक तौर पर पूरे आंदोलन की कमान संभाल रहे मंच के सदस्य भी बन जाएंगे।
इनको बनाया प्रभारी : लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी राजिंदर निहाला नियुक्त किए गए हैं। इनके विस क्षेत्र में 12 वार्ड व 139 बूथ हैं। विस प्रभारी की सहमति व सहयोग से ही वार्ड व बूथ प्रभारी लगाए जाएंगे। इसी तरह लुधियाना वेस्ट विस क्षेत्र के प्रभारी राजू कनौजिया बनाए गए हैं। इनके विस क्षेत्र में 13 वार्ड व 162 बूथ हैं। जबकि नार्थ विस क्षेत्र में वरिंदर कौफी व सरबजीत सिंह बंटी को संयुक्त तौर पर प्रभारी लगाया है। इस हलके में 13 वार्ड के साथ एक और वार्ड का आधा हिस्सा लगता है। जबकि इसमें 158 बूथ हैं।