लॉटरी की आढ़ में लगाते थे दड़ा-सट्टा
भास्कर न्यूज - लुधियाना
सरकारी लाटरी की आढ़ में लोगों को दड़ा सट्टा लगाने के आरोप में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने अलग-अलग जगह से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 21,100 रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी सलेम टाबरी का राकेश कुमार व छावनी मोहल्ला का संजीव कुमार है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। सब इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार बाल सिंह नगर इलाके में सरकारी लाटरी स्टाल पर काम करता है। उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी अपना कंप्यूटर बंद कर लोगों को हाथ से नंबर लिख कर दड़ा सट्टा लगवा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रेड कर आरोपी को मौके ले गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से 14 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। दूसरे मामले में पुलिस ने सूचना के आधार पर रेड कर आरोपी संजीव कुमार को मौके से गिरफ्तार कर 7100 रुपए की नकदी बरामद की है।