- Hindi News
- बिजली की तार ठीक करने में लगे 24 घंटे, पीने के पानी को तरसे सलेम टाबरी निवासी
बिजली की तार ठीक करने में लगे 24 घंटे, पीने के पानी को तरसे सलेम टाबरी निवासी
भास्कर न्यूज - लुधियाना
पावरकॉम की सुस्त कार्यप्रणाली का नतीजा लोगों को भुगतना पड़ा। नगर के सलेम टाबरी इलाके में ट्रक से टकराकर बिजली की तार टूट गई। जो 24 घंटे बाद तक ठीक नहीं हो पाई। लाइट न होने से इलाके में पानी के लिए तरसना पड़ गया। नगर निगम ने पानी टैंकर भेज लोगों की परेशानी से कुछ राहत दी।
इलाका निवासी व उप-प्रधान पवन मल्होत्रा ने बताया बुधवार दोपहर दो बजे इलाके में ट्रक गुजरने से नीचे लटकती बिजली की तार टूट गई। स्नस कारण इलाके की बिजली गुल हो गई। बिजली न होने से पीने के लिए पानी तक नसीब नहीं हो पाया। तार टूटने की जानकारी पावरकॉम को की गई, परंतु किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। तार ठीक करने के लिए दर्जनों बार फोन किया गया। परंतु हर बार कर्मचारी भेजने का आश्वासन दे दिया जाता था। इलाका निवासी अशोक कुमार विरमानी, अमित छाबड़ा, सुमित, सुनीता रानी, किरण बाला, सुमन रानी, जीवन रानी, विजय बाबा ने बताया कि पानी न आने के कारण बच्चे स्कूल तक नहीं जा पाए।
पानी पीने तो क्या मुंह धोने के लिए भी नहीं मिल पाया। लोगों ने पानी संबंधी की किल्लत की जानकारी डिप्टी मेयर आरडी शर्मा को की। उन्होंने नगर निगम से पानी का टैंकर तो भिजवा दिया टैंकर भी इलाके के लोगों की प्यास बुझाने के लिए कम पड़ गया। पानी भरने के लिए लंबी कतारे लग गई। वीरवार शाम छह बजे तक बिजली की सप्लाई दुरुस्त हो पाई व लोगों को समस्या से निजात मिली।