पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गुटखा सिगरेट की जगह पेट्रोल पर वैट कम करे पंजाब सरकार: दीवान

गुटखा-सिगरेट की जगह पेट्रोल पर वैट कम करे पंजाब सरकार: दीवान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रमुख संवाददाता - लुधियाना
जिला कांग्रेस कमेटी लुधियाना शहरी के प्रधान पवन दीवान व देहात के प्रधान मलकीत सिंह दाखा ने गुटखा-सिगरेट पर वैट घटाने वाली पंजाब की अकाली-भाजपा सरकार से ऐसा कदम पैट्रोल के लिए उठाने को कहा है, ताकि राज्य की आम जनता के कंधों से थोड़ा बोझ कम हो सके। वे वार्ड नं. 50, जवाहर नगर क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने केन्द्र में यूपीए सरकार की उपलब्धियों को भी लोगों के समक्ष रखा। सभा का आयोजन लाली घई द्वारा किया गया था। दीवान व दाखा ने हैरानी जताई की क्या एक पंथक सरकार ऐसा भी फैसला ले सकती है और राज्य में गुटखा-सिगरेट की बिक्री को प्रोत्साहित करने के लिए उस पर लगे वैट में भारी कमी कर सकती है। हर कोई जानता है कि तंबाकू कैंसर का एक सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि इसके उलट सरकार को पैट्रोल पर लगे वैट को कम करना चाहिए। भारत में सबसे अधिक पंजाब में पैट्रोल पर 8 प्रतिशत वैट लगता है। यदि सरकार पैट्रोल से वैट वापिस लेती है, तो दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने वाली आम जनता को बहुत बड़ी राहत पहुंचेगी। उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में भी बिजली के रेट कम किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के पिछले सात सालों के शासनकाल में बिजली के रेटों में बेतहाशा वृद्धि हुई है और भारी बिजली बिलों के बोझ तले दबी जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के दावों के बावजूद रोजाना लग रहे बिजली कटों पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यदि सर्दी में यह हाल है, तो गॢमयों में क्या होगा?
यूपीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों के यूपीए सरकार का शासनकाल सर्वांगीण विकास का दौर रहा है। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री व स्थानीय सांसद मनीष तिवारी केन्द्र से लुधियाना के लिए सिटी बस सेवा, पोसपोर्ट सेवा केन्द्र, नई शताब्दी जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट लाए हैं। प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने अल्पसंख्यक समाज के विकास के लिए अकेले लुधियाना को 24 करोड़ रुपए जारी किए हैं। लेकिन हमेशा की तरह अकाली केन्द्रीय स्कीमों पर क्रेडिट लेने का काम कर रहे हैं।