सीपीआई-सीपीएम का सांझा रोष मार्च आज
भास्कर न्यूज - लुधियाना
वामपंथी दलों सीपीआई व सीपीएम की ओर से शनिवार को सुबह 11.30 बजे से शहर के रेलवे स्टेशन से रोष मार्च निकाला जाएगा। जिसमें महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती नशाखोरी जैसे मुद्दे अहम रहेंगे।
सीपीआई जिला कमेटी के असिस्टेंट सेक्रेटरी डॉ.अरूण मित्रा ने यह जानकारी देने के साथ रोष जताया कि कानून-व्यवस्था दिनों-दिन बिगड़ती जा रही है। शहर में ही गत दिनों मिनी सेक्रेटेरिएट के कैंपस में एक इज्जतदार शहरी ने बच्चों सहित खुद की सरेआम पिटाई के आरोप लगाकर शिकायत की। उसके मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगे हैं। ऐसे ही आम लोगों से जुड़े मुद्दे सीपीआई-सीपीएम के रोष मार्च के दौरान उठाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र व राज्य सरकारों की गलत नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी व नशाखोरी में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकारें नहीं संभली तो आने वाले वक्त में अराजकता बढ़ेगी।
डॉ.मित्रा ने कहा कि वामपंथी जनता को जागरूक करने के मकसद से लगातार ऐसे ज्वलंत मुद्दों को पूरी गंभीरता से उठाते रहे हैं। इसी मकसद से यह रोष मार्च भी निकला जा रहा है। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनविरोधी नीतियों से बेहाल जनता सत्ताधारी पार्टियों को सबक सिखाएगी। यहां काबिलेजिक्र है कि नीतिगत मतभेद के बावजूद दोनों प्रमुख वामपंथी दल समान विचारधारा के आधार पर संयुक्त तौर पर जिले में जनआंदोलन चला रहे हैं। जिसके तहत संयुक्त रोष मार्च व सांझा रैली जैसे कार्यक्रम रखे गए हैं। वामपंथी दलों की यह सियासी जुगलबंदी अकाली-भाजपा गठजोड़ व कांग्रेस के लिए जिले में एक चुनौती पैदा कर सकती है।