आंखों के मुफ्त इलाज के लिए क्लीनिक
लुधियाना - आर्थिक मजबूरी के चलते अगर किसी शख्स की आंखों की रोशनी चली जाए तो उससे बड़ी बेबसी कोई नहीं होती। इसकी अहमियत समझने वाले अमेरिका में बसे एनआरआई हरजिंदर सिंह गिल ने एक बड़ा नेक कदम उठाया है। उन्होंने नजदीकी गांव नरिया में आंखों के मुफ्त इलाज के मकसद से गुरूनानक चैरिटेबल आई क्लीनिक खुलवाया है। एनआरआई गिल की माता भगवान कौर की याद में बने इस क्लीनिक का उद्घाटन संकरा आई हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रिगेडियर एसएस गुजराल ने किया। जबकि इसकी कमान वेटनरी यूनिवर्सिटी ((गडवासू)) से रिटायर एनआरआई के भाई मान सिंह गिल संभालेंगे। इस मौके पर उन्होंने बताया कि क्लीनिक में सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस क्लीनिक में 26 जनवरी को गणतंत्र के उपलक्ष्य में कैंप लगाया जाएगा।